शुभमन गिल ने सिराज के टीम से बाहर होने पर दी सफाई, ICC से लार पर प्रतिबंध हटाने की भी उठाई मांग

वेलिंगटन: भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले को मुश्किल बताते हुए कहा कि टीम का चयन मौजूदा फॉर्म के आधार पर किया गया था। साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से टेस्ट क्रिकेट में गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग भी की।
सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर सफाई देते हुए गिल ने कहा कि सिराज उनके करीबी दोस्त हैं और उन्हें टीम से बाहर रखना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि टेस्ट मैच से पहले उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सिराज से बात कर टीम के फैसले के बारे में समझाया था। सिराज ने भी इस फैसले को समझा।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा, “सिराज मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और उन्हें टीम से बाहर रखना वाकई बहुत मुश्किल फैसला था। हमने साथ में काफी क्रिकेट खेली है और मैं उन्हें शुरुआती दिनों से जानता हूं। टेस्ट मैच से पहले मैंने उनसे बात की और टीम के इस फैसले के बारे में समझाया। उन्होंने इसे समझा भी। देखिए, हर खिलाड़ी के करियर में एक ऐसा दौर आता है, जब वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के स्तर पर नहीं होता। हमने मौजूदा फॉर्म के आधार पर टीम का चयन किया। सिराज जिस तरह के खिलाड़ी हैं, वह यहां से और बेहतर वापसी करेंगे।”
गिल का यह बयान सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर उठे राजनीतिक विवाद के बीच आया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि पिछले प्रदर्शन के बावजूद तेज गेंदबाज को उनके नाम के कारण टीम में जगह नहीं दी गई। उनके इस आरोप के बाद राजनीतिक नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ नेताओं ने मसूद के दावे का समर्थन किया, जबकि कुछ ने टीम चयन में धार्मिक भेदभाव के आरोपों को खारिज किया। हालांकि, गिल ने स्पष्ट किया कि सिराज को बाहर रखने का फैसला पूरी तरह क्रिकेट से जुड़े पहलुओं और मौजूदा फॉर्म के आधार पर लिया गया था।
भारत ने पहले टेस्ट में तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया था। बेसिन रिजर्व में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम पहली पारी में नौ विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित करने के बाद भी जीत हासिल नहीं कर सकी। केएल राहुल ने 136 और ऋषभ पंत ने 128 रन बनाए। गिल शतक से चूक गए और उन्होंने 98 रन की पारी खेली। यशस्वी जायसवाल ने 85 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 80 और ध्रुव जुरेल ने 78 रन का योगदान दिया।
जवाब में न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रन पर सिमट गई। हेनरी निकोल्स ने नाबाद 175 और ग्लेन फिलिप्स ने 118 रन बनाए। इन दोनों ने पांच विकेट पर 70 रन की मुश्किल स्थिति से टीम को उबारते हुए छठे विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी की।
भारत को अंतिम दिन जीत के लिए आठ विकेट की जरूरत थी, लेकिन ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल की जुझारू बल्लेबाजी ने भारतीय गेंदबाजों को सफलता हासिल नहीं करने दी। दोनों ने अंतिम दो सत्रों में 43 ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए भारत को जीत से दूर रखा। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 120 ओवर बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 239 रन बनाए। मिचेल 186 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि फिलिप्स ने 126 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए। अंतिम दिन भारतीय गेंदबाज केवल तीन विकेट हासिल कर सके। वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज ने एक-एक विकेट लिया। अंतिम घंटे से कुछ समय पहले गिल ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों से हाथ मिलाया और मुकाबला ड्रॉ समाप्त हो गया।
गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गेंद पर लार के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी खत्म हुए कई साल बीत चुके हैं, इसके बावजूद टेस्ट क्रिकेट में लार के इस्तेमाल की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल की अनुमति क्यों नहीं है। कोविड-19 महामारी खत्म हुए कई साल हो चुके हैं। मुझे समझ नहीं आता कि अब भी इसकी अनुमति क्यों नहीं है।”
कोविड-19 महामारी के दौरान संक्रमण का खतरा कम करने के लिए वर्ष 2020 में आईसीसी ने गेंद पर लार के इस्तेमाल पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया था। बाद में 2022 में इस प्रतिबंध को स्थायी कर दिया गया। हालांकि, वर्ष 2025 में इंडियन प्रीमियर लीग में लार के इस्तेमाल पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया था, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में यह पाबंदी अब भी लागू है। गेंद के एक तरफ चमक बनाए रखने और रिवर्स स्विंग हासिल करने में लार का इस्तेमाल मददगार माना जाता है। सपाट पिचों पर यह गेंदबाजों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकता है।
अब दोनों टीमें दूसरे और अंतिम टेस्ट के लिए क्राइस्टचर्च रवाना होंगी। यह मुकाबला 27 नवंबर से हेगले ओवल में शुरू होगा। पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद भारत की कोशिश दूसरा मुकाबला जीतकर श्रृंखला अपने नाम करने की होगी। इससे पहले भारत ने न्यूजीलैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला 3-2 से और एकदिवसीय शृंखला 3-1 से जीती थी।


