एशिया पावर इंडेक्स 2026: भारत बना एशिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश, जापान और रूस को छोड़ा पीछे

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 की रिपोर्ट में भारत को मिले 40.5 अंक

सिडनी: एशिया में भारत का बढ़ता प्रभाव एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने आया है। लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इस सूची में भारत से आगे केवल अमेरिका और चीन हैं, जबकि जापान और रूस क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। भारत का स्कोर पिछले वर्ष के मुकाबले 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। यह रैंकिंग एशिया में भारत की मजबूत होती रणनीतिक और कूटनीतिक स्थिति को दर्शाती है।

अमेरिका और चीन पहले-दूसरे स्थान पर

सिडनी स्थित लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। जापान को 38.6 अंक के साथ चौथा और रूस को 32.2 अंक के साथ पांचवां स्थान मिला है। भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए एशिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है।

2018 के बाद भारत-चीन के बीच शक्ति का अंतर सबसे कम

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और चीन के बीच समग्र शक्ति का अंतर 2018 में एशिया पावर इंडेक्स की शुरुआत के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि, चीन की समग्र शक्ति अब भी भारत से करीब 80 प्रतिशत अधिक है। भारत के स्कोर में बढ़ोतरी के साथ क्षेत्रीय प्रभाव में भी विस्तार दर्ज किया गया है।

मोदी को दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया

रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है। भारत की कूटनीतिक प्रभाव क्षमता मजबूत बनी हुई है। रक्षा नेटवर्क, सांस्कृतिक प्रभाव और क्षेत्रीय आर्थिक संबंधों में भी भारत ने प्रगति दर्ज की है। वहीं, आर्थिक क्षमता के स्कोर में मामूली गिरावट आई है।

27 देशों और क्षेत्रों की शक्ति का आकलन

लोवी इंस्टीट्यूट एक स्वतंत्र और गैर-दलीय अंतरराष्ट्रीय मामलों का थिंक टैंक है। इसकी एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट वर्ष 2018 से जारी की जा रही है। इसमें एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की आर्थिक क्षमता, सैन्य शक्ति, लचीलापन, भविष्य के संसाधन, आर्थिक संबंध, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक प्रभाव सहित आठ प्रमुख मानकों के आधार पर आकलन किया जाता है। 2026 की रिपोर्ट में 131 संकेतकों के आधार पर क्षेत्रीय शक्ति और प्रभाव का मूल्यांकन किया गया है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More