ट्रंप के करीबी मंत्री पर गिरी गाज? पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव, बुधवार को वोटिंग!

पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश

वाशिंगटन (अमेरिका): संयुक्त राज्य अमेरिका में ईरान युद्ध को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन भारी दबाव में आ गया है। केंटकी से ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन के सांसद थॉमस मैसी ने रक्षा मंत्री (रक्षा सचिव/बदला पदनाम युद्धमंत्री) पीट हेगसेथ को पद से हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव पेश किया है। इस कदम से सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो गई है। अब पार्टी के सांसदों को तय करना होगा कि वे ट्रंप प्रशासन के प्रमुख मंत्री का समर्थन करते हैं या उनके खिलाफ कार्रवाई के पक्ष में हैं। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (निचला सदन यानी यूनाइटेड स्टेट्स हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में इस प्रस्ताव पर बुधवार तक मतदान हो सकता है।

ईरान युद्ध को लेकर हेगसेथ पर उठाए सवाल

अमेरिकी न्यूज वेबसाइट ‘एक्सिओस’ की रिपोर्ट के अनुसार, थॉमस मैसी ने महाभियोग प्रस्ताव में पीट हेगसेथ पर ईरान युद्ध को संभालने के उनके तरीके और अन्य कथित कदाचारों को लेकर सवाल उठाए हैं। इस पर होने वाला मतदान ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान किसी कैबिनेट सचिव के खिलाफ पहला महाभियोग हो सकता है। साथ ही, यह इस बात का संकेत भी है कि अगले साल जब कांग्रेस में डेमोक्रेट्स का नियंत्रण होगा, तो और कुछ देखने को भी मिल सकता है।

मैसी ने संविधान के लिए खतरा बताया

हाउस फ्लोर पर महाभियोग के प्रस्ताव को पढ़ते हुए मैसी ने कहा कि अगर हेगसेथ अपने पद पर बने रहते हैं, तो वे “संविधान के लिए खतरा बने रहेंगे। उन्होंने अपने कर्तव्यों और कानून के शासन के बिल्कुल विपरीत काम किया है।” उन्होंने कहा, “सचिव हेगसेथ ने जानबूझकर एक विदेशी राष्ट्र के खिलाफ युद्ध शुरू करने के लिए गैर-कानूनी आदेशों को लागू किया। उन्होंने कांग्रेस के संवैधानिक और कानूनी फैसलों की जगह अपनी गैर-कानूनी कार्यकारी कार्रवाई को थोप दिया।”

बाद में सोमवार को ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैसी ने चेतावनी दी कि “जब डेमोक्रेट्स सत्ता में आएंगे, तो वे बहुत आक्रामक रुख अपनाएंगे।”

डेमोक्रेट्स के सत्ता में आने पर आक्रामक रुख की चेतावनी

उन्होंने कहा कि अगर हेगसेथ अपने पद पर बने रहते हैं, तो डेमोक्रेट्स सुनवाई करेंगे। हेगसेथ के साथ काम करने वाले लोगों से पूछताछ करेंगे और सीनेट में महाभियोग की प्रक्रिया चलाएंगे। हेगसेथ ने महाभियोग की इस कोशिश को राजनीतिक रूप से प्रेरित “शोर-शराबा” बताकर खारिज कर दिया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वे और उनकी टीम इस कोशिश से बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं। रक्षा विभाग ने ‘एक्सिओस’ के टिप्पणी के अनुरोध पर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।

आठ आरोपों के आधार पर महाभियोग प्रस्ताव

मैसी ने पहली बार महाभियोग का प्रस्ताव तब पेश किया था, जब हाउस (सदन) अवकाश पर जाने वाला था, ताकि सदस्य अपने चुनाव प्रचार में जा सकें। उन्होंने सोमवार को इस प्रस्ताव को फिर से पेश किया, जिससे हाउस के नेताओं के पास कार्रवाई करने के लिए दो विधायी दिनों का समय शुरू हो गया है।

मैसी और कांग्रेस के अन्य सदस्यों का आरोप है कि हेगसेथ ने कांग्रेस की अवहेलना की है। उन्होंने ईरान में उस अलोकप्रिय युद्ध को जारी रखा, जिसे बंद करने के लिए कांग्रेस ने विधायी प्रयास किए थे।

कुल आठ प्रस्तावों में से तीन में हेगसेथ पर ईरान में कांग्रेस की युद्ध शक्तियों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। अन्य आरोपों में नागरिकों की मौत, संदिग्ध नशीले पदार्थों वाली नावों पर हमले, सीनेटर मार्क केली के खिलाफ जवाबी कार्रवाई, निकोलस मादुरो को पकड़ना और यमन में सैन्य अभियान जैसे कदाचार शामिल हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, हेगसेथ ईरान युद्ध के सबसे कट्टर समर्थकों में से रहे हैं। उन्होंने ट्रंप से कहा था कि इस संघर्ष को जीतना बहुत आसान होगा। आठ महीने बाद, ऐसा सच नहीं लगता।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More