ट्रंप का बड़ा दावा: होर्मुज के पास ईरान ने गिराया अमेरिकी अपाचे हेलिकॉप्टर

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट एक अमेरिकी सैन्य हेलिकॉप्टर को ईरान ने मार गिराया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रहा है और इसका उचित जवाब दिया जाएगा।
राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर अमेरिकी सेना का एएच-64 अपाचे हेलिकॉप्टर था। हालांकि हादसे में दोनों पायलट सुरक्षित बचा लिए गए और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। ट्रंप ने घटना के लिए सीधे तौर पर ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अमेरिका इस मामले पर चुप नहीं बैठेगा।
इस बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान पहली बार एक मानवरहित ड्रोन नौका का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर के समुद्र में गिरने के बाद ड्रोन नौका ने दोनों पायलटों का पता लगाया और लगभग दो घंटे तक पानी में रहने के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कैप्टन हॉकिन्स के मुताबिक, यह अभियान आधुनिक सैन्य तकनीक और बचाव क्षमता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने बताया कि कठिन समुद्री परिस्थितियों के बावजूद ड्रोन नौका ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पायलटों की जान बचाने में सफलता हासिल की।
घटना के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, ईरान की ओर से ट्रंप के आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिकी दावे की पुष्टि होती है तो यह घटना पहले से तनावपूर्ण खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों को और बढ़ा सकती है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें वॉशिंगटन और तेहरान की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।


