‘ईठा’ और ‘मातृभूमि’ की बॉक्स ऑफिस टक्कर से बेपरवाह लक्ष्मण उतेकर, कहानी पर भरोसा

ईठा' और 'मातृभूमि' की रिलीज को लेकर चर्चा तेज

मुंबई: श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ और सलमान खान की ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ आगामी 4 दिसंबर को एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं। बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के आमने-सामने आने को लेकर फिल्म जगत में चर्चा तेज है। हालांकि, ‘ईठा’ के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर इस मुकाबले को लेकर चिंतित नहीं हैं। उनका मानना है कि दर्शकों के बीच दोनों फिल्मों के लिए पर्याप्त जगह है और अच्छी फिल्मों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से घबराने की जरूरत नहीं है।

पुणे में फिल्म के प्रचार कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मण उतेकर ने कहा कि दोनों फिल्मों के एक साथ रिलीज होने के बावजूद सिनेमाघरों में उनके प्रदर्शन के लिए पर्याप्त अवसर हैं। उन्हें अपनी फिल्म की कहानी पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि दर्शक इसे खूब पसंद करेंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि फिल्म को मिलने वाला दर्शकों का प्यार एक अलग तरह का विश्व रिकॉर्ड भी बना सकता है।

वहीं, सलमान खान ने हाल ही में ‘मातृभूमि’ की रिलीज तारीख को लेकर कहा था कि अगर उन्हें पहले से ‘ईठा’ की रिलीज के बारे में जानकारी होती तो वह 4 दिसंबर की तारीख चुनने से बच सकते थे। उन्होंने श्रद्धा कपूर के साथ अपनी फिल्म रिलीज होने पर अफसोस भी जताया था। हालांकि, इससे पहले सलमान ने ‘ईठा’ का ट्रेलर साझा कर पूरी टीम को शुभकामनाएं दी थीं।

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘ईठा’ मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित बायोग्राफिकल ड्रामा है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

दूसरी ओर, सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म का निर्माण सलमा खान ने सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया है। इसमें चित्रांगदा सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More