Ramayana Review: ऐसी रामायण पहले कभी नहीं देखी होगी, रावण से लेकर श्रीराम तक सब कुछ भव्य, जानिए कैसी है फिल्म

Ramayana Review: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम् पार्ट 1’ सौ से ज्यादा देशों में, पचास हजार से अधिक स्क्रीन्स पर दर्शकों के सामने आई है। इसे देखना एक ऐसा सिनेमाई अनुभव है जिसके लिए अद्भुत और हैरान कर देने वाला कहना कोई बढ़ा-चढ़ाकर कही गई बात नहीं लगती। जब हम छोटे थे और रामलीला देखा करते थे, तब मन में यह जिज्ञासा रहती थी कि राम की दिव्य शक्तियों और रावण की माया से भरा वह संसार असल में कैसा रहा होगा, देवता और राक्षस कैसे दिखते होंगे, और मर्यादा पुरुषोत्तम राम तथा घमंडी रावण का वैभव कितना विराट होगा।

लगभग दो हजार करोड़ रुपये की लागत से नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी द्वारा बनाई गई यह फिल्म इन सभी सवालों को परदे पर जीवंत कर देती है। पीढ़ियों से सुनी जा रही इस कथा को इतने शानदार और चकित कर देने वाले रूप में बड़े परदे पर देखना अपने आप में बिल्कुल अलग अनुभव है।
‘रामायणम् पार्ट 1’ की कहानी
‘रामायणम् पार्ट 1’ की कहानी की शुरुआत पक्षीराज जटायु से होती है, जिन्हें अनुपम खेर ने अपनी आवाज दी है। जटायु दर्शकों को उस प्राचीन युग में ले चलते हैं, जब देवताओं और असुरों के बीच भयंकर संग्राम छिड़ा था। उस लड़ाई में देवता विजयी रहे और उन्होंने असुरों को हराकर लंका की गद्दी कुबेर के हवाले कर दी। हार के बाद राक्षस कुल को लंका छोड़नी पड़ी और वे धरती के भीतर बसे रसातल में तंगहाली और अभावों के बीच दिन काटने लगे। अपने वंश की यह हालत देखकर महारानी कैकसी का मन बहुत दुखी रहता है। वे अपने बेटे दशानन (यश) को उकसाती हैं कि वह लंका का छिना हुआ वैभव और राजपाट फिर से हासिल करे।
माँ से प्रेरणा पाकर दशानन इतनी कठोर साधना में डूब जाता है कि उसकी तपस्या की आँच से पूरी सृष्टि के जल उठने का खतरा पैदा हो जाता है। आखिरकार ब्रह्मा जी उसके सामने प्रकट होते हैं और उसे अमर होने का वर देते हैं। लेकिन घमंड में चूर दशानन यह शर्त जोड़ना भूल जाता है कि कोई मनुष्य उसे मार न सके।
वर पाते ही वह सबसे पहले कुबेर को हटाकर लंका के सिंहासन पर कब्जा कर लेता है। फिर तीनों लोकों पर राज करने की चाह लिए आगे बढ़ता चला जाता है। जब उसके जुल्मों से संसार कराह उठता है, तब भगवान विष्णु श्रीराम (रणबीर कपूर) के रूप में धरती पर जन्म लेते हैं। इसके बाद की कहानी वही जानी-पहचानी रामायण है, जिसे हम बचपन से टीवी सीरियलों, फिल्मों और रामलीलाओं में देखते-सुनते आए हैं।
‘रामायणम् पार्ट 1’ का ट्रैलर
‘रामायणम् पार्ट 1’ रिव्यू
‘दंगल’ और ‘छिछोरे’ जैसी हिट फिल्में बनाने वाले नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा की तारीफ बनती है। उन्होंने हमारी इस अमर कथा को विश्वस्तरीय VFX और नए ढंग के कहानी कहने के तरीके से दुनिया के सिनेमा तक पहुँचाने की हिम्मत दिखाई है। फिल्म पहले ही दृश्य से अपने भव्य रूप में दर्शकों को हैरान कर देती है। एक अलग बात यह है कि कहानी राम के जन्म से नहीं, बल्कि रावण के अतीत से शुरू होती है। शानदार भव्यता, बड़े सितारों की भरमार और पीढ़ियों से सुनी जा रही इस कथा को फिल्म एक विशाल सिनेमाई फलक पर उतारती है, जो भारतीय सिनेमा की आम हदों से काफी आगे निकल जाता है।

फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसके बेहतरीन VFX हैं। हाँ, जो दर्शक रामायण और रामलीला को पुराने ढंग से देखते आए हैं, उन्हें यह दृश्य-वैभव कुछ जगहों पर ज़रूरत से ज्यादा चमक-दमक वाला लग सकता है। फिर भी इतनी बड़ी कथा को इस पैमाने पर बनाने में सालों की मेहनत और भारी खर्च लगा है, और वह स्क्रीन पर साफ दिखता है। रावण और देवताओं की जंग, ताड़का और सुबाहु का अंत, खर-दूषण पर राम की विजय और जटायु व रावण की टक्कर जैसे कई दृश्य फिल्म की तकनीकी और रचनात्मक ऊँची उड़ान दिखाते हैं। इन्हें देखकर समझ आता है कि बहुचर्चित बड़े बजट का पैसा आखिर कहाँ लगा है।
यह भव्यता सिर्फ लड़ाई के दृश्यों तक नहीं रुकती, बल्कि पूरी फिल्म के माहौल और उसकी दुनिया में फैली हुई है। राम और सीता के पात्रों के आसपास पवित्रता और आस्था की भावना बनाए रखने में फिल्म खास सतर्कता रखती है, और इसका असर संवादों तथा किरदारों के चित्रण में भी नजर आता है। उधर रावण का दशानन रूप सिर्फ देखने में प्रभावशाली नहीं है, बल्कि उसके घमंड और सत्ता के नशे में डूबे स्वभाव का प्रतीक भी बन जाता है।


