रेलवे के गौरवशाली अतीत से भविष्य की परियोजनाओं तक, व्यापार मेले में दिखी विकास की तस्वीर

व्यापार मेले में रेलवे की आधुनिक तकनीक की झलक
भारत मंडपम के हॉल नंबर-5 में बनाया गया है भारतीय रेलवे का विशेष पवेलियन

नई दिल्ली: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में भारतीय रेलवे का पवेलियन दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ‘भारतीय रेल : देश के विकास का पहिया’ और ‘विकास भी, विरासत भी’ की थीम पर तैयार इस पवेलियन में रेलवे के गौरवशाली अतीत, वर्तमान की उपलब्धियों और भविष्य की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को एक साथ प्रदर्शित किया गया है। यहां देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना, हाइड्रोजन ट्रेन, वंदे भारत स्लीपर, नमो भारत रैपिड रेल और चिनाब रेल पुल के मॉडल दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक के जरिए कालका-शिमला रेल मार्ग की पहाड़ी वादियों में सफर का अनुभव भी लिया जा सकता है।

दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक चल रहे मेले के समापन में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में भारत मंडपम के हॉल नंबर-5 की पहली मंजिल पर बने रेलवे पवेलियन में सुबह से ही दर्शकों की आवाजाही बनी हुई है। पवेलियन का प्रवेश द्वार राजस्थान के जैसलमेर अमृत भारत स्टेशन की स्थापत्य शैली से प्रेरित है। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि राजस्थान की पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक रेलवे सुविधाओं का मेल दिखाई दे। प्रवेश करते ही दर्शकों का होलोग्राम के माध्यम से स्वागत किया जाता है। इसके ऊपर लगी विशाल एनामॉर्फिक स्क्रीन पर थ्री-डी प्रभाव के साथ वंदे भारत और आधुनिक ट्रेनों की तस्वीरें प्रदर्शित होती हैं। पवेलियन में आम लोगों के साथ छात्र और शोधकर्ता भी रेलवे की तकनीकी प्रगति तथा भविष्य की योजनाओं को करीब से देख और समझ सकते हैं।

पवेलियन के ‘इंजीनियरिंग के चमत्कार’ खंड में देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का मॉडल विशेष आकर्षण है। मुंबई और अहमदाबाद के बीच बन रहे 508 किलोमीटर लंबे हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनमें साबरमती, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोईसर, विरार, ठाणे और मुंबई शामिल हैं। पवेलियन में प्रदर्शित आंकड़ों के अनुसार, 10 नवंबर 2026 तक परियोजना में 459 किलोमीटर पायर वर्क, 375 किलोमीटर वायाडक्ट और 107 किलोमीटर ट्रैक लिंकिंग का काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना को देश में हाई-स्पीड रेल परिवहन की दिशा में बड़ी पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

पवेलियन में स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में रेलवे की पहल को दर्शाने के लिए देश में निर्मित पहली हाइड्रोजन ट्रेन का मॉडल भी रखा गया है। 17 जुलाई 2026 को जींद-सोनीपत मार्ग पर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया गया था। 10 कोच वाली इस ट्रेन की क्षमता 2,600 यात्रियों की और पावर 2,400 किलोवाट है। इसे दुनिया की सबसे लंबी और शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेन बताया गया है। हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रतिक्रिया से बिजली पैदा करती है। इसके संचालन में धुएं के बजाय पानी की भाप निकलती है।

रेलवे के शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के लक्ष्य की प्रगति भी पवेलियन में प्रदर्शित की गई है। भारतीय रेल के ब्रॉड गेज नेटवर्क का लगभग 99.8 फीसदी विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। इसके साथ ही देश के 24 राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों में रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा होने की जानकारी दी गई है। रेलवे के अनुसार, वर्ष 2015-16 से 2024-25 के बीच डीजल की खपत में 185 करोड़ लीटर की कमी आई है। इससे विदेशी मुद्रा की बचत के साथ कार्बन उत्सर्जन घटाने में भी मदद मिली है।

इस बार व्यापार मेले में माल परिवहन और औद्योगिक संपर्क को गति देने वाले डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) का मॉडल भी प्रदर्शनी में शामिल है। इसके तहत लगभग 2,843 किलोमीटर लंबे ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का संचालन किया जा रहा है। मालगाड़ियों के लिए बनाए गए ये समर्पित मार्ग देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों और लॉजिस्टिक्स हब को जेएनपीटी, कांडला और मुंद्रा जैसे बंदरगाहों से जोड़ते हैं। इनसे माल परिवहन को तेज, सुगम और किफायती बनाने में मदद मिल रही है।

पवेलियन में यात्री सुविधाओं और आधुनिक रेल सेवाओं के खंड में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का मॉडल और उसका इंटीरियर प्रदर्शित किया गया है। इसे लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। पवेलियन में दी गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के अतिरिक्त देश के विभिन्न हिस्सों में 162 वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं चल रही हैं। इन ट्रेनों में स्वचालित दरवाजे, आरामदायक सीटें, जीपीएस आधारित यात्री सूचना स्क्रीन और आधुनिक बायो-वैक्यूम शौचालय जैसी सुविधाएं हैं।

इसी खंड में नमो भारत रैपिड रेल की जानकारी भी दी गई है। इसकी पहली सेवा सितंबर 2024 में अहमदाबाद और भुज के बीच शुरू हुई थी। बाद में जयनगर-पटना सेवा के माध्यम से इसे बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक विस्तारित किया गया। इसके साथ ही अमृत भारत एक्सप्रेस की विशेषताओं को भी प्रदर्शित किया गया है। पूरी तरह गैर-वातानुकूलित स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोचों वाली इन ट्रेनों में बेहतर सीटिंग, उन्नत इंटीरियर, सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदर्शनी में दी गई जानकारी के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस की 88 सेवाएं संचालित हो रही हैं।

रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की अमृत भारत स्टेशन योजना को भी पवेलियन में जगह दी गई है। इसके तहत देशभर के 1,300 से अधिक पुराने रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की जानकारी प्रदर्शित की गई है। योजना के अंतर्गत आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय कला और संस्कृति को भी स्टेशन के स्वरूप में शामिल किया जा रहा है।

देश के दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों में रेलवे की इंजीनियरिंग क्षमता को दिखाने के लिए पवेलियन में कई ऐतिहासिक पुलों के मॉडल रखे गए हैं। इनमें तमिलनाडु का नया पंबन पुल, जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर बना दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज और देश का पहला केबल आधारित रेल पुल अंजी खड्ड शामिल हैं। बिहार में गंगा नदी पर पुराने राजेंद्र पुल के पास बने 2.9 किलोमीटर लंबे नए मोकामा दोहरी रेल लाइन पुल का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है। इस पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्री तथा मालगाड़ियों के लिए नया मार्ग उपलब्ध हुआ है।

पूर्वोत्तर भारत में रेल संपर्क के विस्तार को दर्शाने के लिए 51.38 किलोमीटर लंबी बइरबी-सायरंग नई रेल लाइन की जानकारी भी दी गई है। इस रेल मार्ग में 45 सुरंगें, 55 बड़े पुल, 88 छोटे पुल और 10 रोड ओवर ब्रिज तथा अंडर ब्रिज बनाए गए हैं। 13 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री ने इस रेल लाइन का उद्घाटन किया था और सायरंग-आनंद विहार टर्मिनल राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। इसके साथ ही मिजोरम की राजधानी आइजोल पहली बार देश के रेल नेटवर्क से जुड़ी।

पवेलियन का यूथ जोन और इंटरैक्टिव अनुभव क्षेत्र बच्चों तथा युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय है। यहां वीआर हेडसेट के जरिए दर्शक कालका-शिमला हेरिटेज रेल मार्ग पर सफर का अनुभव कर रहे हैं। इसमें पहाड़ी वादियों और सुरंगों से गुजरती ट्रेन का दृश्य दिखाई देता है। सेंसर आधारित गेमिंग, बीटबॉक्सिंग, डिजिटल ट्री और क्विज के जरिए भी दर्शक रेलवे से जुड़ी जानकारी हासिल कर रहे हैं और अपनी जानकारी परख रहे हैं। इन गतिविधियों में भाग लेने वालों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।

पवेलियन के स्पोर्ट्स जोन में भारतीय रेलवे के उन खिलाड़ियों की उपलब्धियों और पदकों को प्रदर्शित किया गया है, जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व कर उपलब्धियां हासिल की हैं।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More