महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस में बड़ा एक्शन! दिल्ली के अधिवक्ता हिमांशु शेखर 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर

महादेव ऐप मामले में ईडी की कार्रवाई

रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के अधिवक्ता हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में पहली बार आधी रात तक सुनवाई करते हुए आरोपित अधिवक्ता को 28 नवंबर तक ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 से 19 नवंबर के बीच रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी, जिसमें हिमांशु शेखर की भूमिका सामने आई। आरोप है कि हिमांशु पिछले तीन सालों में कई बार दुबई गया और वहां सौरभ चंद्राकर से मुलाकात की। उसने महादेव ऐप और उसके प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे सभी आपराधिक मामलों को रफा-दफा कराने का भरोसा दिलाया था।

हिमांशु के देश छोड़कर भागने की आशंका पर ईडी ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। 20 नवंबर को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दुबई जाते समय इमिग्रेशन ने उसे रोक लिया, जिसके बाद 21 नवंबर तड़के ईडी ने उसे गिरफ्तार किया। हालांकि, मुंबई की पीएमएलए अदालत ने 24 घंटे के नियम का हवाला देते हुए ट्रांजिट रिमांड खारिज कर दी थी, लेकिन बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने निचली अदालत का फैसला रद्द कर ईडी को दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दे दी।

ईडी ने अदालत को बताया कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का अवैध संचालन और उससे जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की गतिविधियां अब भी जारी हैं, जिसमें अपराध से अर्जित कुल आय 92,000 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। एजेंसी के अनुसार, हिमांशु शेखर ने सभी आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का वादा कर अक्टूबर 2023 में कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये लिए थे और दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच दिल्ली व मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए कई किश्तों में भारी नकद रकम वसूली की।

आरोपित के अधिवक्ता फैजल रिजवी ने बताया कि हिमांशु शेखर 23 नवंबर को शाम 4:25 बजे स्वयं ईडी के रायपुर दफ्तर पहुंचे थे, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई। बचाव पक्ष ने रायपुर की विशेष अदालत से अनुरोध किया है कि ईडी कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज और एंट्री रजिस्टर को सुरक्षित रखा जाए, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उसे उच्चतम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा सके।

फिलहाल सौरभ चंद्राकर, जिसे इस महीने की शुरुआत में सीबीआई ने ओमान से प्रत्यर्पित किया था, रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में है। ईडी अब 28 नवंबर तक हिमांशु शेखर से हवाला नेटवर्क और इस सौदे में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेगी।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More