सूर्य के ऊपरी वायुमंडल में पहली बार मिला उत्तर-दक्षिण प्लाज्मा प्रवाह का प्रमाण

सूर्य के प्लाज्मा प्रवाह पर शोध करने वाली सृंजना राउत
एरीज नैनीताल की शोधार्थी सृंजना राउत को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

नैनीताल: सूर्य के ऊपरी वायुमंडल में पहली बार उत्तर-दक्षिण दिशा में प्लाज्मा प्रवाह (मेरिडियनल सर्कुलेशन) का प्रमाण मिला है। अध्ययन में इस प्रवाह की गति पांच से 15 मीटर प्रति सेकेंड तक पाई गई। यह खोज सूर्य की गतिविधियों, उसके चुंबकीय क्षेत्र और अंतरिक्ष मौसम को समझने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

इस अध्ययन के लिए आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) नैनीताल की शोधार्थी सृंजना राउत को इंटरनेशनल यूनियन ऑफ रेडियो साइंस ने यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया है। सृंजना ने बताया कि पृथ्वी के वायुमंडल में हवा का प्रवाह होता है, जबकि सूर्य पर प्लाज्मा गैसें प्रवाहित होती हैं।

सूर्य की भीतरी और ऊपरी सतहों पर गर्म गैसों का निरंतर प्रवाह रहता है। इसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा उत्तर और दक्षिण दिशा में होता है, जिसे वैज्ञानिक भाषा में मेरिडियनल सर्कुलेशन कहा जाता है। सूर्य की सतह पर इस प्रवाह की जानकारी पहले से थी, लेकिन सृंजना ने सूर्य से लगभग तीन हजार किलोमीटर ऊपर स्थित क्रोमोस्फीयर के वातावरण का अध्ययन किया। इसके लिए जापान के नोबेयामा रेडियोहेलियोग्राफ से प्राप्त 17 गीगाहर्ट्ज रेडियो तरंगों के 27 वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इनमें 1992 से 2020 तक के सूर्य के रेडियो चित्र शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More