Deoghar News: सरकारी तालाब पर अतिक्रमण कर हो रहा रास मेला का आयोजन, प्रशासन से शिकायत

देवघर: पालोजोरी प्रखंड के भुरकुंडी पंचायत के नावाडीह मौजा में सरकारी तालाब को मिट्टी से भरकर रास मेला का आयोजन किया जा रहा है। तालाब की जमीन पर अतिक्रमण का मामला सामने आने के बाद अंचल प्रशासन हरकत में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, नावाडीह मौजा 392 के गैर मजरूआ खाता संख्या 34, दाग नंबर 63, कुल रकवा 1.95 एकड़ में किस्म बाँध यानी तालाब दर्ज है। आरोप है कि इसी तालाब को मिट्टी और गंदगी से भरकर मेला लगाने की तैयारी की जा रही है।
इस मामले में पालोजोरी अंचल अधिकारी पार्थ नन्दन ने बताया कि तालाब को अतिक्रमण किया गया है। मिट्टी और गंदगी से तालाब को भरा जा रहा है, जो संज्ञेय अपराध है।

उन्होंने कहा कि अंचल निरीक्षक को इस मामले में जांच कर दो दिनों के अंदर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। अंचल अधिकारी ने कहा कि अगर सरकारी जमीन पर मेला लगाया जा रहा है तो दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में सरकारी तालाब को नुकसान नहीं पहुंचाने दिया जाएगा।
इधर, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के अमित कुमार मंडल ने कहा कि तालाब को भरकर मेला लगाया जा रहा है। इसकी सूचना उपायुक्त और अंचल अधिकारी को दी गई है। एक व्यक्ति विशेष द्वारा सरकारी तालाब को मिट्टी, गंदगी से भरकर और अतिक्रमण कर मेला लगाया जा रहा है।

अमित मंडल ने कहा कि सरकारी स्तर पर विधिवत रूप से मेला का बंदोबस्त नहीं होने से सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है। बताया जा रहा है कि मेला लगाकर लाखों रुपए की अवैध उगाही की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब भरने से आने वाले समय में सिंचाई और पेयजल की समस्या बढ़ेगी। लोगों ने प्रशासन से तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

