Koderma News: ग्रिजली पब्लिक स्कूल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनी गुरु नानक देव जी की जयंती

कोडरमा: झुमरी तिलैया-गुमो स्थित ग्रिजली पब्लिक स्कूल के प्रांगण में सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत गुरु नानक देव जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु नानक देव जी के चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना एवं अरदास के साथ हुआ।
कार्यक्रम में पंच प्यारों की भूमिका में रहमत सिंह, करमन सिंह, दिलजोत सिंह, इसप्रीत सिंह एवं अखंड ज्योत सिंह ने अपनी सहभागिता निभाई। उनकी पारंपरिक वेशभूषा और प्रभावशाली प्रस्तुति ने खालसा पंथ की गौरवशाली परंपरा की याद दिलाई। विद्यार्थियों ने इस प्रस्तुति के माध्यम से समानता, निडरता, सेवा और मानवता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नगर कीर्तन की सुंदर प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से गुरु नानक देव जी के आदर्शों, शिक्षाओं और मानवता, प्रेम, समानता एवं भाईचारे के संदेश को प्रस्तुत किया गया। शिक्षिका सिमरन कौर ने निशान साहिब उठाकर नगर कीर्तन की अगुवाई की। उन्होंने गुरु नानक देव जी के जीवन और उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र गुरशीन कौर ने भावपूर्ण शबद गायन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, छात्राओं आव्या, रिंसी, अन्विका मोदी, नायशा जैन, काश्वी यादव एवं आद्या सिंह ने ‘आवन बाबा नानका’ गीत पर आकर्षक पंजाबी नृत्य प्रस्तुत कर पंजाबी संस्कृति की सुंदर झलक दिखाई। कार्यक्रम को सफल और आकर्षक बनाने में पंजाबी शिक्षिकाओं रश्मि सूद, पूनम तेजपाल एवं सिमरन कौर का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं केवल सिख समुदाय ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका ‘एक ओंकार’ का संदेश प्रेम, समानता, सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जाति-धर्म से ऊपर उठकर सभी का सम्मान करने और निस्वार्थ भाव से मानव सेवा करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक अरदास के साथ हुआ। इस दौरान सभी ने गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, सेवा, सद्भाव और समानता की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी के बीच श्रद्धापूर्वक कड़ा प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजिका अनिता कुमारी, पूजा झा, श्वेता अग्रवाल सहित शिक्षक रवि, सागर, पूजा, शालिनी, फैजान, सुषमा, संगीता सिंह, रानी, अंजू, मायावती, हाजरा, वर्षा, दिव्याली, तनु, खुशबू, इंदु, ईशा, संगीता, साक्षी गुप्ता, साक्षी सिन्हा, प्रिया थापा, फातिमा, सीमा, रिद्धिमा, ब्यूटी, दीप्ति, मुकेश कुशवाहा, अनिल कुमार यादव एवं समस्त प्रशासनिक सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।


