Hazaribagh News: राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ के बाद दो अपराधी अस्पताल में भर्ती

हजारीबाग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राहुल दुबे गैंग के दो अपराधी घायल, दो जंगल में फरार

हजारीबाग: कटकमसांडी में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने अब सीधे मोर्चा खोल दिया है। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द पंचायत स्थित जंगल में सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के हथियारबंद अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो अपराधियों के पैर में गोली लगी है, जबकि दो अन्य अपराधी जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

दरअसल, हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि डांटोखुर्द पंचायत के जंगल में राहुल दुबे गैंग के चार हथियारबंद अपराधी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने तत्काल SIT का गठन किया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।

पुलिस की टीम जैसे ही अपराधियों के करीब पहुंची, अपराधियों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान अपराधियों की ओर से पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस ने भी बिना पीछे हटे मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में राहुल दुबे गैंग के दो अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। वहीं, बाकी दो अपराधी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल दोनों अपराधियों को तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जंगल और आसपास के इलाकों में पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमन कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन का जायजा लिया। इस कार्रवाई में उन्होंने खुद नेतृत्वकारी भूमिका निभाई। एसपी ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि पकड़े गए दोनों घायल अपराधियों की पहचान राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के रूप में हुई है।

एसपी ने यह भी कहा कि हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं में इसी गिरोह की संलिप्तता सामने आ रही है। पुलिस इन आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने दो टूक कहा कि झारखंड पुलिस और हजारीबाग पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फरार दोनों अपराधी भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

एसपी का सख्त संदेश साफ है हथियार उठाकर दहशत फैलाने वालों के लिए अब हजारीबाग में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं होगा। गैंगवार हो, रंगदारी हो या गोलीबारी, कानून को चुनौती देने वाले हर अपराधी पर पुलिस का शिकंजा कसेगा।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More