Hazaribagh News: मौलाना अबुल कलाम आजाद स्वराज आंदोलन में सदा अग्रणी रहे : निसार खान

हजारीबाग: जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण वल्लभ आश्रम में स्वाधीन भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती उनके चित्र पर माल्यार्पण कर मनाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला मीडिया विभाग के अध्यक्ष सह जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष निसार खान ने कहा कि स्वाधीन भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना आजाद अरबी और फारसी के विद्वान थे। वे इस सदी के प्रारंभ में ही स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े थे। प्रथम महायुद्ध (1914-1918) और द्वितीय महायुद्ध (1938-1945) के दौरान कारावास भुगतने वाले संभवतः वे एकमात्र नेता थे। स्वराज के लिए आंदोलन में वे सदैव अग्रणी रहे। मौलाना आजाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे।
उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद की विशेषता यह थी कि उन्होंने द्विराष्ट्र सिद्धांत को कभी स्वीकार नहीं किया। सह-अस्तित्व में जबरदस्त विश्वास रखने वाले नेताओं में वे प्रमुख थे। उन्हीं के प्रयासों से देश के विभाजन के बाद लाखों मुसलमानों की आस्था देश के प्रति और गहरी हुई। मदीना के मुफ्ती के पौत्र मौलाना आजाद मुस्लिम समुदाय को संगठित कर देश की राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने में सफल रहे।
मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष आबिद अंसारी, नगर अध्यक्ष परवेज अहमद, उपाध्यक्ष बाबर अंसारी, महासचिव दिलीप कुमार रवि, जावेद इकबाल, विजय कुमार सिंह, सदरुल होदा, अनिल कुमार भुइयां, मोहम्मद रब्बानी, रीवाली पासवान, मुश्ताक अंसारी, प्रदीप मंडल, जहांगीर अंसारी, चंद्रशेखर आजाद, बहादुर सागर, सैयद अशरफ अली, निसार अहमद भोला, समसुल उर्फ बबलू, मोहम्मद जिब्राइल, अशरफ अली, मोहम्मद आफताब आलम, अभिमन्यु भगत और कैलाश कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


