Deoghar News: पालोजोरी थाना परिसर में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

देवघर: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को पालोजोरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल निरीक्षक सुकांत त्रिपाठी थाना प्रभारी संजय कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में थाना क्षेत्र के सभी दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक में अंचल निरीक्षक ने कहा कि पूजा के दौरान सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र और स्वयंसेवकों की तैनाती अनिवार्य होगी। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। थाना प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों से लाइसेंस समय पर लेने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई और सड़क की मरम्मत की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रभारी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुभाष राय ने भी पूजा के दौरान सभी समितियां से सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्वक माहौल में पूजा मनाने की अपील की। मौके पर विभिन्न पूजा समिति के रतन दास, अमित आर्यन, विवेक यादव, अनिमेष कुमार पाल, भावेश दास, राजू पंडित, पिंटू मंडल, गुड्डू मंडल, शंकर साह, मुखिया नौशाद अंसारी, सहित पुलिस जवान मौजूद थे।


