‘सलैया में रुकेगी एक्सप्रेस: रेलवे अफसरों ने किया सड़क का निरीक्षण, स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन’

गिरिडीह: सलैया रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का संघर्ष तेज हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा और सलैया संघर्ष मोर्चा की अगुवाई में शुक्रवार को धनबाद से आए रेलवे इंटेलिजेंस के पदाधिकारियों ने सलैया रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन मास्टर मुकेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर हटिया-आसनसोल इंटरसिटी और गोड्डा-दिल्ली एक्सप्रेस के ठहराव की मांग उठाई गई।
‘तीन साल से बेहाल है न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड’
बैठक में राजेश सिन्हा ने कहा, “गिरिडीह का दुर्भाग्य है कि तीन-चार साल बीतने के बाद भी न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड नहीं बनी। सलैया रोड भी गड्ढों में तब्दील है। आज धनबाद रेलवे विभाग के प्रतिनिधि एक बजे सलैया पहुंचे और हालात देखे।”
‘यात्री मजबूर, रेलवे को होगा फायदा’
स्थानीय लोगों ने बताया कि ठहराव नहीं होने से छात्र, व्यापारी और मरीज न्यू गिरिडीह जाने को मजबूर हैं। ज्ञापन में दावा किया गया कि सलैया में ठहराव से रेलवे को टिकट से कई गुना रेवेन्यू मिलेगा। रेलवे ने सलैया रोड के एनओसी के लिए पत्र आगे बढ़ा दिया है।
‘आंदोलन जारी रहेगा’: संघर्ष मोर्चा
गौतम सोनी ने दोहराया, “सलैया का आंदोलन जारी था, जारी है, जारी रहेगा।” तुलसी राणा ने चेतावनी दी, “सलैया स्टेशन रोड को बनाना ही होगा।” वहीं कन्हैया खेतान ने कहा, “एक्सप्रेस गाड़ी को रोकना होगा।”
रेलवे पदाधिकारियों ने मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। बैठक में करण कृपालु, दीपक पांडा, मिथिलेश पांडेय, छोटू राणा, सुधांशु भदानी समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।




