Palamu News: छतरपुर में पुलिस की अपराध गोष्ठी, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों पर जोर

छतरपुर में अपराध गोष्ठी के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देते एसडीपीओ प्रशांत कुमार।

पलामू: छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के द्वारा अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के साथ अनुमंडल स्तरीय अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी में अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध की स्थिति, लंबित कांडों की समीक्षा, कांडों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन तथा विधि-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए विस्तार से चर्चा की गई।

सभी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण हेतु प्रभावी रणनीति अपनाने, नियमित गश्ती, सुदृढ़ सूचना तंत्र विकसित करने, लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने एवं आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने वर्ष 2025 से पूर्व के सभी लंबित कांडों की विशेष समीक्षा करते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अनुसंधान में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक कांड में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने कार्य को निष्पादित करें।

इसके अलावा, अनुमंडल क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की रोकथाम एवं उन्मूलन हेतु विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। संभावित खेती वाले क्षेत्रों की पहचान, स्थानीय सूचना तंत्र को और मजबूत करने, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा अवैध अफीम की खेती की सूचना प्राप्त होने पर उस पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई को लेकर निर्देशित किया गया।

गोष्ठी के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को NATGRID के GANDIVA प्लेटफॉर्म के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि तकनीकी संसाधनों एवं डेटा-आधारित विश्लेषण के माध्यम से अनुसंधान को अधिक प्रभावी, सटीक एवं सुदृढ़ बनाया जा सके।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More