भंडरा पहाड़ बनेगा लोहरदगा का नया पर्यटन स्थल! पांच अनोखे नजारे देखकर हैरान रह जाएंगे पर्यटक

लोहरदगा: भंडरा का ऐतिहासिक पहाड़ अब सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य का खजाना भी है। भंडरा, कसपुर और नवडीहा के ग्रामीणों ने पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सरकार थोड़ा ध्यान दे दे, तो यह पहाड़ पूरे झारखंड में प्रसिद्ध हो सकता है।
100 एकड़ से ज्यादा में फैला, 500 फीट ऊंचा पहाड़
भंडरा पहाड़ भंडरा, कसपुर और नवडीहा गांवों के बीच स्थित है। यह पहाड़ 100 एकड़ से अधिक भूभाग में फैला हुआ है और इसकी ऊंचाई करीब 500 फीट है। पहाड़ के ऊपर से पूरे भंडरा प्रखंड का मनोरम दृश्य दिखाई देता है। सुबह की धूप और शाम की ठंडी हवा में यह पहाड़ किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगता।
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ तक पहुंचने के लिए अभी पक्का रास्ता नहीं है। नवडीहा की ओर से सीढ़ी का निर्माण हो जाए और चोटी पर शेड व मंदिर बन जाए, तो यहां दूर-दूर से पर्यटक आने लगेंगे। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी आसानी से पहाड़ पर चढ़ सकेंगे।
सदियों से आस्था का केंद्र है भंडरा पहाड़
यह पहाड़ सिर्फ पत्थरों का ढेर नहीं, बल्कि गांव की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। सदियों से गांव के पहान गांव में सुख-शांति के लिए जेठ बुढ़िया करम के अवसर पर पहाड़ की चोटी पर पूजा करते आ रहे हैं। गांव में जब भी कोई अनहोनी होती है, बीमारी फैलती है या कोई संकट आता है, तो पहान पहाड़ की चोटी पर स्थित गांवा देवती की पूजा-अर्चना कर गांव की समस्या के समाधान की प्रार्थना करते हैं। ग्रामीणों का मानना है कि गांवा देवती के आशीर्वाद से ही गांव में सुख-शांति बनी रहती है।
जेठ बुढ़िया करम के दिन पहाड़ की चोटी पर स्थित ऊपर पाठ में चार जगहों पर पहान द्वारा गांवा देवती की विधि-विधान से पूजा की जाती है। उस दिन गांव के लोग पहाड़ पर जुटते हैं, करम गीत गाते हैं और सामूहिक रूप से पूजा करते हैं। यह दृश्य देखते ही बनता है।
भंडरा पहाड़ के 5 अनोखे दर्शनीय स्थल, जो पर्यटकों को खींच लाएंगे
भंडरा पहाड़ की सबसे बड़ी खासियत है इसके अंदर छिपे प्राकृतिक और रहस्यमयी स्थल। इन्हें देखने के लिए लोग दूर-दूर से आ सकते हैं।
अंधरिया लता : रहस्य से भरी घनी लता
पहाड़ के बीच में एक ऐसी जगह है, जहां दिन में भी अंधेरा छाया रहता है। घनी लताओं और बड़े-बड़े पत्थरों के बीच से सूरज की रोशनी भी मुश्किल से पहुंचती है। इसी वजह से इसका नाम अंधरिया लता पड़ा। यहां पहुंचकर पर्यटकों को रोमांच और ठंडक, दोनों का एहसास होगा।
मुर्गी खोचली : मुर्गी के रहने के लिए पत्थर
पहाड़ में एक बड़ा-सा खोचलीनुमा पत्थर है, जिस पर मुर्गी के पैरों के निशान जैसे गहरे निशान बने हुए हैं। स्थानीय भाषा में इसे मुर्गी खोचली कहा जाता है। बच्चे और पर्यटक इसे देखकर हैरान रह जाते हैं। यह जगह सेल्फी और फोटो के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है।
तबला : पत्थर का तबला
पहाड़ में एक बड़ा पत्थर बिल्कुल तबले जैसा दिखता है। थपथपाने पर उससे अलग ही आवाज निकलती है। ग्रामीण बताते हैं कि करम पर्व के समय इसी पत्थर के पास बैठकर मांदर और तबला बजाया जाता था। यह प्राकृतिक तबला भंडरा पहाड़ की सबसे अनोखी पहचान है।
कोठा लता : पत्थरों का प्राकृतिक कोठा
पहाड़ के ऊपर पत्थरों से बना एक प्राकृतिक कमरे जैसा स्थान है, जिसे कोठा लता कहते हैं। ऐसा लगता है, जैसे किसी ने पत्थरों को काटकर कोठा बना दिया हो। पहले के जमाने में लोग बारिश और तूफान से बचने के लिए इसी कोठा में रुकते थे। पर्यटकों के लिए यह जगह ट्रैकिंग के दौरान आराम करने का अच्छा स्थान हो सकती है।
बतास मंदा : जहां हमेशा चलती है ठंडी हवा
पहाड़ की चोटी के पास एक ऐसी जगह है, जहां सालों भर ठंडी हवा चलती रहती है। गर्मी के दिनों में भी यहां बैठने पर ऐसा लगता है, जैसे कूलर चल रहा हो। इसी वजह से इसका नाम बतास मंदा पड़ा। यहां से सूरज उगने और डूबने का नजारा सबसे सुंदर दिखाई देता है। पर्यटक यहां बैठकर घंटों प्रकृति का आनंद ले सकते हैं।
ग्रामीणों ने सांसद-विधायक और सरकार से की मांग
पहाड़ के सौंदर्यीकरण को लेकर स्थानीय मुखिया इंद्रदेव उरांव, बुधराम उरांव, करमा उरांव, राजेंद्र उरांव सहित भंडरा, कसपुर व नवडीहा के ग्रामीणों ने सांसद, विधायक और सरकार से मांग की है कि नवडीहा की ओर से पक्की सीढ़ी बनाई जाए। पहाड़ की चोटी पर शेड बनाया जाए, ताकि धूप और बारिश में श्रद्धालुओं को राहत मिले। गांवा देवती का मंदिर बनाकर पूजा स्थल को व्यवस्थित किया जाए। अंधरिया लता, मुर्गी खोचली, तबला, कोठा लता और बतास मंदा तक जाने के लिए रास्ते और सूचना बोर्ड लगाए जाएं। इसके अलावा पीने के पानी, शौचालय और बैठने की व्यवस्था की जाए तथा पहाड़ के चारों ओर वृक्षारोपण कर इसे हरा-भरा बनाया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ का सौंदर्यीकरण होने से न सिर्फ आस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। यहां छोटी-छोटी दुकानें, चाय-नाश्ते की दुकानें और पूजा सामग्री की दुकानें खुलेंगी। पर्यटक आएंगे, तो गांव की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
भंडरा को मिलेगी नई पहचान
अगर भंडरा पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर दिया गया, तो लोहरदगा जिले को एक नया पर्यटन केंद्र मिल जाएगा। अभी लोग घूमने के लिए दूर-दूर जाते हैं, लेकिन भंडरा पहाड़ विकसित होने के बाद यहीं पर्यटक आने लगेंगे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जनप्रतिनिधि और सरकार उनकी इस जायज मांग पर जल्द ध्यान देंगे।


