Hazaribagh News: मेयर लीग क्रिकेट टी-20 में बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर की शानदार जीत

महापौर रवि कुमार रावत बोले- देवघर की जीत नगरवासियों के सहयोग, विश्वास और स्नेह की जीत है
हजारीबाग: हजारीबाग के संजय सिंह स्टेडियम में आयोजित मेयर लीग क्रिकेट टी-20 टूर्नामेंट के दूसरे दिन रविवार को खेले गए तीसरे मुकाबले में बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मानगो महायोगी की टीम को 7 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मानगो महायोगी की टीम बाबा वैद्यनाथ इलेवन के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 17.2 ओवर में महज 76 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवघर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 10 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।
मुकाबले में 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाने वाले देवघर के खिलाड़ी संजीव झा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस शानदार जीत और सेमीफाइनल में प्रवेश पर देवघर के महापौर रवि कुमार रावत ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेयर क्रिकेट लीग (हजारीबाग) में बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर की जीत हमारे देवघर नगरवासियों के सहयोग, विश्वास और स्नेह की जीत है।
वहीं, हजारीबाग के महापौर अरविंद राणा ने बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए टीम को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेयर लीग जैसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच देने, खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ाने तथा विभिन्न शहरों के बीच खेल भावना और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम हैं।
मौके पर उपस्थित हजारीबाग सदर एसडीपीओ रूपक सिंह ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेल आयोजनों को युवाओं के लिए सकारात्मक दिशा देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा देता है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मैच के दौरान उद्घोषक की भूमिका चंदन सिंह और शरीफुल्लाह गुड्डू ने निभाई, जबकि अंपायर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रभात और प्रवीण ने संभाली। स्कोरर के रूप में अनिकेतन ने अपना अहम योगदान दिया।
पूरे मैच के दौरान क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह बरकरार रहा। दर्शकों ने तालियों और उत्साहपूर्ण समर्थन के साथ खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की, जिससे मैदान में खेल का रोमांच और बढ़ गया।


