उदयपुर में होने वाली थी शादी, लेकिन मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर 400 फीट खाई में दे दिया धक्का!
Ketan Agarwal Pune Case:: ऐतिहासिक लोहगढ़ किले में 18 जून को हुई 26 वर्षीय ट्रेकर केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में मंगलवार को बड़ा पलटा आया। पुणे पुलिस ने साफ किया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि एक पूर्वनियोजित हत्या थी। जांच में पता चला कि केतन की मंगेतर और उसके एक पुरुष मित्र ने मिलकर उसे 400 फीट गहरी खाई में धकेल दिया था।
तेज हवाओं के बीच गिरने की रची गई थी झूठी कहानी
पुणे के गहुंजे के रहने वाले और पारिवारिक रियल एस्टेट व्यवसाय में डायरेक्टर केतन अग्रवाल की 18 जून को किले से गिरकर मौत हुई थी। शुरुआती जांच में मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर पुलिस ने कहा था कि तस्वीरें लेते वक्त तेज हवा में केतन का संतुलन बिगड़ा और वे खाई में गिर गए। पुलिस ने इसे दुर्घटना मानकर आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी। यह ट्रेकिंग दरअसल मंगेतर के जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए रखी गई थी जिसमें उसके दो करीबी दोस्त भी शामिल हुए थे।
नवंबर में होने वाली थी शादी, पैलेस भी था बुक
जैसे-जैसे पुलिस ने गहराई से जांच की, घटनाक्रम में संदिग्ध तथ्य सामने आते गए। कड़ियां जोड़ने पर पुष्टि हुई कि मंगेतर और उसके पुरुष मित्र ने मिलकर केतन को जानबूझकर खाई में धकेला था। वारदात के बाद दोनों ने इसे प्राकृतिक हादसा साबित करने की हरसंभव कोशिश की।
यह मामला इसलिए और दर्दनाक है क्योंकि केतन की इसी नवंबर में उसी मंगेतर के साथ शादी होने वाली थी। दोनों परिवारों में तैयारियां जोरों पर थीं और राजस्थान के उदयपुर में एक आलीशान पैलेस भी बुक हो चुका था।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुणे पुलिस ने आरोपी मंगेतर और उसके पुरुष मित्र दोनों को हिरासत में ले लिया है और हत्या की धाराओं के तहत जांच शुरू हो गई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह नहीं बताया कि मंगेतर की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी।
- पुणे पुलिस ने साफ किया कि केतन की मौत हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
- केतन की मंगेतर ने अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
- लोहगढ़ किले की ट्रेकिंग के दौरान केतन को गहरी खाई में धकेला गया।
- इसी नवंबर में उदयपुर के आलीशान पैलेस में शादी होने वाली थी।
- पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और हादसा दिखाने की साजिश नाकाम कर दी।
बता दें कि लोहगढ़ किला छत्रपति शिवाजी महाराज के मराठा साम्राज्य के इतिहास से गहराई से जुड़ा है और महाराष्ट्र के उन 12 किलों में शामिल है जिन्हें यूनेस्को की विरासत मान्यता प्राप्त है।




