झारखंड में बड़ी सफलता: पुलिस-CRPF ऑपरेशन में 4 माओवादी ढेर, भारी हथियार बरामद

चतरा और हजारीबाग बॉर्डर पर पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 15 लाख के इनामी माओवादी कमांडर शाहदेव उर्फ सहदेव महतो समेत चार नक्सली मारे गए।

चतरा : झारखंड पुलिस के वरीय अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान में चतरा और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

झारखंड में बड़ी सफलता: पुलिस-CRPF ऑपरेशन में 4 माओवादी ढेर, भारी हथियार बरामद

चतरा के पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के बटुका जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 15 लाख के इनामी माओवादी सब-जोनल कमांडर शाहदेव उर्फ सहदेव महतो समेत चार कुख्यात नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में आधुनिक हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है।

बरामद हथियारों में दो AK-47 राइफल, एक अमेरिकन राइफल समेत कई अन्य अत्याधुनिक और देशी हथियार शामिल हैं। इसके अलावा मौके से नक्सली साहित्य, दैनिक उपयोग के सामान और बड़ी संख्या में कारतूस भी मिले हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस को चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर नक्सलियों के एक दस्ते की मौजूदगी की सूचना मिली थी।

इसी आधार पर चतरा और हजारीबाग पुलिस ने सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी की। इस दौरान खुद को घिरा देख नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। घंटों चली इस मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही मारे गए, जबकि कुछ अन्य के घायल होने की संभावना जताई जा रही है। मारे गए नक्सलियों में एक महिला नक्सली नताशा का भी नाम सामने आ रहा है, जो हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ से झारखंड आकर संगठन को मजबूत करने में जुटी थी। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि मुठभेड़ के बाद इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुठभेड़ में कौन-कौन नक्सली मारे गए हैं। जवानों से इनामी नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिली है। सर्च ऑपरेशन जारी है।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More