Chatra News: दुर्गा पूजा को लेकर लावालौंग थाना परिसर में शांति समिति ने की महत्वपूर्ण बैठक

चतरा: आगामी शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को लावालौंग थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी विपिन कुमार भारती ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में बीडीओ सह सीओ विपिन कुमार भारती एवं थाना प्रभारी चंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, जुलूस के रूट चार्ट और सरकारी दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने पूजा समितियों को स्पष्ट हिदायत दी कि बिना अनुमति किसी प्रकार का आयोजन नहीं किया जाए तथा जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और समय का पालन किया जाए। वहीं डीजे के अनियंत्रित उपयोग, अश्लील या भड़काऊ गीतों, अफवाह फैलाने वालों और उपद्रव करने वाले तत्वों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेश को प्रसारित करने से बचने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की गई। पूजा समितियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया। बैठक में मुखिया अमित चौबे, संतोष राम, मुखिया पति मिथिलेश चौबे, भोला राम, भाजपा मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू सहित विभिन्न पंचायतों के वार्ड सदस्य, राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पूजा एवं अखाड़ा समितियों के अध्यक्ष-सचिव, डीजे संचालक तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More