दीपावली पर गरीबों के चेहरों पर खिली मुस्कान, सोना-सोबरन योजना के तहत सैकड़ों लाभुकों को मिले धोती-साड़ी और लुंगी

सोना-सोबरन योजना के तहत लाभुकों को धोती, साड़ी और लुंगी वितरित करते जन वितरण प्रणाली दुकानदार।
हेडूम पंचायत में पोटम गांव के जन वितरण प्रणाली दुकानदार मुकेश प्रसाद यादव ने किया वस्त्र वितरण, नए कपड़े पाकर लाभुकों में दिखा उत्साह

चतरा: लावालौंग में दीपावली के पावन अवसर पर झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लुंगी योजना ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के त्योहार की खुशियां दोगुनी कर दी हैं। लावालौंग प्रखंड की हेडूम पंचायत में जन वितरण प्रणाली के माध्यम से सैकड़ों राशन कार्डधारी लाभुकों के बीच धोती, साड़ी एवं लुंगी का वितरण किया गया। पोटम गांव के जन वितरण प्रणाली दुकानदार मुकेश प्रसाद यादव ने पात्र लाभुकों को वस्त्र उपलब्ध कराए।

दीपावली से ठीक पहले नए वस्त्र मिलने से गरीब परिवारों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। वितरण के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य लाभुकों में खासा उत्साह रहा। आर्थिक तंगी और महंगाई के बीच त्योहार पर नए कपड़े खरीदने की चिंता कर रहे परिवारों को इस योजना से बड़ी राहत मिली है।

इस मौके पर डीलर मुकेश प्रसाद यादव ने कहा कि झारखंड सरकार की सोना-सोबरन योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत पात्र लाभुकों को साल में दो बार मात्र 10 रुपये में धोती, साड़ी एवं लुंगी उपलब्ध कराई जाती है। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों को त्योहार के अवसर पर नए वस्त्र उपलब्ध कराना और उनके जीवन में खुशियां लाना है। उन्होंने कहा कि पंचायत के सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित सूची के अनुसार वस्त्र वितरित किए जा रहे हैं।

वस्त्र प्राप्त करने वाली महिलाओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि दीपावली पर नए कपड़े पहनने की इच्छा तो थी, लेकिन महंगाई के कारण खरीदारी करना मुश्किल हो रहा था। सरकार की इस योजना से उनकी चिंता दूर हुई है। वहीं, बुजुर्ग लाभुकों ने भी योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए राहतकारी बताया।

ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की योजनाओं से गरीब परिवारों को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ त्योहार मनाने का उत्साह भी बढ़ता है। लाभुकों ने झारखंड सरकार, जिला प्रशासन एवं स्थानीय जन वितरण प्रणाली दुकानदार मुकेश प्रसाद यादव के प्रति आभार जताया। मौके पर पंचायत के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। वितरण कार्य शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More