गांधी-शास्त्री जयंती पर झामुमो ने अर्पित की श्रद्धांजलि

बोकारो: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर समिति की ओर से सेक्टर-4 गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने किया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंटू यादव ने कहा कि महात्मा गांधी जी का सत्य, अहिंसा और सामाजिक एकता का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी का त्याग, सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का जीवन देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का “जय जवान, जय किसान” का नारा देश के जवानों और किसानों के सम्मान एवं योगदान को दर्शाता है। वहीं, गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को एकता और स्वतंत्रता के मार्ग पर आगे बढ़ाया।
मंटू यादव ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम दोनों महान विभूतियों के विचारों को अपने जीवन में उतारें और समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव, शांति एवं समानता को मजबूत करने का संकल्प लें।
कार्यक्रम के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से फिरदौस अंसारी, फैयाज खान, मनोज हेंब्रम, प्रमोद तापड़िया, रामदयाल सिंह, सदानंद गोप, राकेश सिन्हा, आकाश टुडू, प्रदीप यादव, सुरेंद्र कुमार, रवि सिंह, आदि मौजूद थे।


