राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर बोकारो में परिचर्चा, जिम्मेदार पत्रकारिता और मीडिया की भूमिका पर मंथन

बोकारो: राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 पखवारा के अवसर पर गुरुवार शाम को होटल क्लार्क्स इन, तलगड़िया मोड़, चास के सभागार में परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस वर्ष परिचर्चा का मुख्य विषय ‘जिम्मेदार पत्रकारिता बनाम लोकलुभावन पत्रकारिता’ रहा। परिचर्चा के दौरान पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता, विश्वसनीयता, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज तथा प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप समय के साथ बदल रहा है। सोशल मीडिया पर किसी सूचना या प्रतिक्रिया का प्रसारित होना अपने आप में पत्रकारिता नहीं है। पत्रकारिता एक गंभीर जिम्मेदारी है, जिसका आधार तथ्यपरकता और निष्पक्षता है। पत्रकार का काम निर्णय सुनाना नहीं, बल्कि वास्तविक तथ्यों और वस्तुस्थिति को समाज के सामने रखना है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन जब कोई नीति बनाता है या निर्णय लेता है, तो उसके लिए जमीनी समस्याओं को समझना आवश्यक होता है। समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रशासन को कई ऐसी समस्याओं की जानकारी मिलती है, जिनका समाधान त्वरित रूप से किया जा सकता है। उन्होंने जरीडीह प्रखंड में चापाकलों की खराबी से संबंधित सोशल मीडिया पर आई सूचना का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई कर चापाकलों को दुरुस्त कराया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन और मीडिया भले ही नदी के दो किनारों की तरह हों, लेकिन दोनों एक-दूसरे को समझे और देखे बिना नहीं रह सकते। दोनों का उद्देश्य आम आदमी का हित होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से समाचारों में आम जनता को केंद्र में रखने तथा नकारात्मक खबरों के साथ समाज में सकारात्मकता और उम्मीद जगाने वाली खबरों को भी पर्याप्त स्थान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कमियों को सामने लाना व्यवस्था में सुधार का अवसर है। आलोचनाओं को सकारात्मक रूप से लेते हुए आवश्यक सुधार करना चाहिए। राष्ट्रीय प्रेस दिवस जैसे आयोजन प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद एवं विश्वास मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर हैं।
मौके पर पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि पुलिस, प्रशासन और मीडिया की अपनी-अपनी जिम्मेदारियां हैं, लेकिन सभी का साझा उद्देश्य समाज में व्यवस्था बनाए रखना और विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि कई बार किसी घटना के दौरान पुलिस को विधि-व्यवस्था संभालने और स्थिति नियंत्रित करने में समय देना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों में सूचनाएं साझा करने में विलंब हो सकता है। इसका उद्देश्य किसी तथ्य को छिपाना नहीं, बल्कि सही स्थिति सामने लाना होता है।
उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर कहा कि पर्याप्त जानकारी एवं कानूनी समझ के अभाव में कई बार भ्रामक सूचनाएं प्रसारित हो जाती हैं। विशेषकर नाबालिगों, पीड़ितों तथा संवेदनशील मामलों में कानूनी प्रावधानों और गोपनीयता का ध्यान रखना आवश्यक है। सांप्रदायिक तनाव, सामाजिक सौहार्द एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में खबरों के प्रसारण के दौरान विशेष संयम बरतना चाहिए। असामाजिक तत्व भ्रामक सूचनाओं का इस्तेमाल कर सामाजिक तनाव बढ़ा सकते हैं, जिसका नुकसान आम जनता को उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में आत्मनियमन अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस और मीडिया के बीच निरंतर संवाद एवं पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। मीडिया द्वारा सामने लाई गई सूचनाएं पुलिस के लिए भी उपयोगी होती हैं और कई मामलों में त्वरित कार्रवाई का आधार बनती हैं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। प्रशासन हर स्थान पर और हर समय मौजूद नहीं रह सकता। ऐसे में मीडिया दूर-दराज के क्षेत्रों की वास्तविक सूचनाएं प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अपने प्रशासनिक प्रशिक्षण के दौरान हजारीबाग की एक घटना का अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक संवेदनशील परिस्थिति में मीडिया ने परिपक्वता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई, जिससे सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में मदद मिली।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता समय की आवश्यकता है। प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से पारदर्शी एवं उत्तरदायी शासन व्यवस्था को मजबूती मिलती है।
मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को मीडिया के प्रति खुला, पारदर्शी और उत्तरदायी होना चाहिए। पत्रकारों द्वारा मांगी गई सूचनाओं पर यथासंभव त्वरित प्रतिक्रिया देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया के साथ कार्य करने और संवाद करने का उनका अनुभव अच्छा रहा है। प्रशासन पत्रकारों के सुझावों के लिए हमेशा खुला है। उन्होंने पत्रकारिता की विश्वसनीयता, खबरों के सत्यापन, फेक न्यूज की चुनौती तथा प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। साथ ही, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के निर्वहन की आवश्यकता बताई।
वहीं, प्रारंभ में उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार ने सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय प्रेस दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पारदर्शी शासन-प्रशासन में मीडिया की भूमिका अहम है। मीडिया के बिना लोकतंत्र की मजबूती और जवाबदेही की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिचर्चा से प्राप्त सुझाव प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने में सहायक होंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों एवं पदाधिकारियों ने जिम्मेदार, निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता को मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर सहमति व्यक्त की। परिचर्चा आपसी संवाद, सहयोग और सकारात्मक सोच के संदेश के साथ संपन्न हुई।
कार्यक्रम का संचालन उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार ने किया। अतिथियों का स्वागत सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, रवि शंकर, श्रुति आदि ने किया।


