रिम्स जमीन घोटाले में बेरमो एसडीओ गिरफ्तार, एसीबी के रडार पर अब भी कई अधिकारी

बोकारो: रिम्स की जमीन की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रांची के बड़गाईं अंचल के तत्कालीन अंचलाधिकारी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। वे वर्तमान में बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के पद पर पदस्थापित थे।

जांच में उनके खिलाफ पद का दुरुपयोग कर निजी आर्थिक लाभ लेने और आपराधिक षड्यंत्र में शामिल होने के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले एसीबी ने तत्कालीन एलआरडीसी सह आईएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन समेत छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में बिल्डर शुभम साबू, फर्जी रैयत और जमीन दलालों समेत पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। मनोज कुमार की गिरफ्तारी के साथ गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 12 हो गई है।

एसीबी ने गिरफ्तार अधिकारियों की सूची राज्य सरकार को भेज दी है। इसके आधार पर उनके निलंबन की प्रक्रिया शुरू होगी। दूसरी ओर, एसीबी सभी गिरफ्तार अधिकारियों को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अभी भी कई अधिकारी, अमीन और निबंधन कार्यालय के लिपिक एसीबी के रडार पर हैं।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More