भाजपा विधायक ने सरकार को बालू उठाव में आ रही बाधाओं से कराया अवगत

रांची/हजारीबाग: आये दिन बालू उठाव कार्य में पुलिस-प्रशासन द्वारा बाधा डाले जाने के मामले को हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल ने आज सदन में उठाया। उन्होंने सरकार को पुलिस द्वारा मनमाने तरीके से बालू गाड़ी रोकने के मामले से अवगत कराया।
मनीष ने कहा कि पुलिस पहले गाड़ी रोक लेती है, फिर माइनिंग वालों या सीओ को बुलाया जाता है। जिसके बाद घुमावदार तरीके से काम होता है। जबकि सरकार का कहना है की पुलिस गाड़ी को नहीं रोकती है। विधायक ने कहा कि नियमानुसार निजी कार्यों के लिए ग्राम पंचायत से ₹100 की रसीद कटा कर बालू उठाया जा सकता है। मगर पुलिस वसूली के लिए अलग-अलग हथकंडे अपना कर गाड़ी रोकती है।
इसके अलावे जायसवाल ने कहा कि पूरे राज्य के थानों में ऐसे कई बालू ढोने वाले ट्रैक्टर दिख जाते हैं, जिन्हें पुलिस ने पकड़ा है। कहा कि पुलिस न ही ट्रैक्टरों छोड़ती है और न ही कोई कार्रवाई करती है। जब्त किये गये ट्रैक्टरों के मालिकों में कुछ मालिक ऐसे हैं, जिन्होंने लोन लेकर ट्रैक्टर को ख़रीदा था। मगर, ट्रैक्टरों के थाने में रहने के कारण इनके मालिक क़िस्त चुकाने में असमर्थ हो गये।
उन्होंने हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाने में धड़ल्ले से चल रहे इस कार्य के बारे में सदन को अवगत कराया। उन्होंने सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि इस मसले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस को आगाह किया जाए कि प्रधानमंत्री आवास और अन्य सरकारी योजनाओं के लिए जा रहे बालू गाड़ियों को न रोका जाए।


