हजारीबाग की प्रसिद्ध झील में फ्लोटिंग डेक का भव्य उद्घाटन, पर्यटन को मिलेगा नया आकर्षण

झील की खूबसूरती के बीच तैरते डेक पर पर्यटकों को मिलेगी विशेष सुविधा
हजारीबाग: जिले में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने और स्थानीय पर्यटन स्थलों को आकर्षक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की पहल पर हजारीबाग की प्रसिद्ध झील में नवनिर्मित फ्लोटिंग डेक का गुरुवार, 5 नवंबर को भव्य उद्घाटन किया गया। सांसद मनीष जायसवाल ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक सदर प्रदीप प्रसाद, महापौर अरविंद राणा, उपमहापौर अविनाश कुमार, उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, डीएफओ मौन प्रकाश एवं सूरज कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
झील के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच विकसित यह फ्लोटिंग डेक पर्यटकों के लिए नया आकर्षण केंद्र बनेगा। इस तैरते डेक पर एक साथ अधिकतम 25 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पर्यटकों के लिए अल्पाहार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोग झील के मनमोहक वातावरण के बीच सुकून के पल बिता सकेंगे।
फ्लोटिंग डेक को आकर्षक कलाकृतियों से सजाया गया है, जो इसकी खूबसूरती को और खास बनाती हैं। झील के पानी पर तैरते इस डेक से पर्यटकों को झील के प्राकृतिक सौंदर्य का एक अलग और यादगार अनुभव मिलेगा। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों और आम नागरिकों में इस नई पर्यटन सुविधा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोग फ्लोटिंग डेक का अनुभव लेने के लिए उत्साहित नजर आए।
जिला प्रशासन की इस पहल से हजारीबाग के पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यह सुविधा जिले को पर्यटन के मानचित्र पर और आकर्षक बनाने के साथ-साथ लोगों को मनोरंजन और अवकाश बिताने का एक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगी।


