Hazaribagh News: एनटीपीसी पदाधिकारियों की मौजूदगी में हजारों ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष रखीं अपनी समस्याएं

हज़ारीबाग़: कोल रेलवे साइडिंग से प्रभावित स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने NTPC के पदाधिकारियों की उपस्थिति में कोल साइडिंग में ही जनसमस्याओं की चौपाल लगाई। इस दौरान हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित हुए और उन्होंने साइडिंग के संचालन से जुड़ी समस्याओं, अपनी मांगों तथा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति से विधायक को अवगत कराया।
चौपाल में विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए NTPC के पदाधिकारियों से उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विकास परियोजना के संचालन के दौरान स्थानीय नागरिकों के अधिकारों, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बुनियादी आवश्यकताओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में स्थानीय लोगों को रोजगार एवं उपलब्ध अवसरों में प्राथमिकता देने, प्रभावित गांवों में बेहतर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, बच्चों की शिक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अतिरिक्त साइडिंग के संचालन में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने, नो-एंट्री नियमों को सख्ती से लागू करने, धूल एवं प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने और भारी वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि कटकमसांडी कोल रेलवे साइडिंग से प्रभावित स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। स्थानीय नागरिकों को रोजगार के अवसरों में उचित प्राथमिकता मिलनी चाहिए और क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाना चाहिए। साइडिंग का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप हो तथा उससे प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने NTPC के पदाधिकारियों से सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके समयबद्ध समाधान की दिशा में ठोस पहल करने को कहा। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थानीय लोगों की जायज मांगों का समाधान नहीं हुई और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से चक्का जाम करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता की आवाज को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पहल करना उनकी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधिगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


