Hazaribagh News: दारू थाना पुलिस ने बड़वार बिरहोर कॉलोनी में मनाई दीपावली, बांटी खुशियां

हजारीबाग: दीपावली 2026 के पावन अवसर पर हजारीबाग पुलिस ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए बिरहोर समुदाय के बीच खुशियां बांटी। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार दारू थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम बड़वार स्थित बिरहोर कॉलोनी पहुंची। यहां बिरहोर समुदाय के बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस दौरान थाना प्रभारी ने कॉलोनी के बच्चों एवं अन्य ग्रामीणों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। वहीं बच्चों के बीच उन्हें प्रोत्साहित करने वाली सामग्री का वितरण किया गया। उपहार और मिठाई पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर थाना प्रभारी ने बिरहोर समुदाय के लोगों को दीपावली की बधाई देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पुलिस के इस आत्मीय पहल से बिरहोर कॉलोनी के लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस पहल के माध्यम से हजारीबाग पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद और वंचित समुदायों के साथ खड़े होकर सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी है। पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।


