Deoghar News: पालोजोरी में धूमधाम से मना गणिनाथ महोत्सव, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

देवघर। अखिल भारतीय मध्यदेशीय समाज के द्वारा पालोजोरी ब्लॉक परिसर स्थित गणिनाथ मंदिर में वार्षिक पूजा सह गणिनाथ महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बाबा गणिनाथ की वार्षिक पूजा संपन्न हुई, जिसके बाद दिनभर भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चलता रहा। कार्यक्रम में उपस्थित सारठ के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री रणधीर कुमार सिंह को समिति के सदस्यों द्वारा अंगवस्त्र और माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध राजेश और राधे टीम द्वारा भजन संध्या की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिस पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। पूरे परिसर में ‘जय बाबा गणिनाथ’ के जयकारे गूंजते रहे। गायिका पूजा ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की और एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। वहीं, राजेश और राधा ने माता के भजनों पर उपस्थित श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में समाज के प्रमुख सदस्य राजेश साह, मुकेश साह, शंकर साह, भरत साह, संतोष साह, मनोज साह, सुभाष साह, राजीव गुप्ता सहित समाज के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में अखिल भारतीय मध्यदेशीय समाज, पालोजोरी इकाई के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।


