सुदिव्य कुमार सोनू को सीएम सोरेन, राज्यपाल समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, कल बंद रहेंगे सरकारी विभाग
-1024x614.jpg)
गिरिडीह: दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झारखंड में शोक की लहर है। रविवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दिवंगत मंत्री के निधन को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है। राज्य और समाज के लिए दिवंगत सुदिव्य कुमार द्वारा किए गए योगदान और उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस कठिन और दुख की घड़ी में धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करने की कामना की।
इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। उन्होंने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी दी श्रद्धांजलि
रविवार दोपहर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और शोक व्यक्त किया। राज्यपाल ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री योगेंद्र महतो, झारखंड सरकार की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल और पर्यटन सचिव नमन प्रियेश लकड़ा भी पहुंचे। सभी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राजकीय शोक के तहत कल बंद रहेंगे सरकारी विभाग
दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर राज्य सरकार ने दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राजकीय शोक के तहत सोमवार को सरकारी विभाग बंद रहेंगे। इस दौरान सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और राजकीय समारोह आयोजित नहीं किए जाएंगे।




