Sahebganj News: जिला कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया और चुनाव आयोग पर उठाए गंभीर सवाल

साहिबगंज: शहर के बंगाली टोला स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को जिलाध्यक्ष बरकत खान ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पार्टी की कड़ी आपत्ति जताई और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। प्रेसवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है।
जिलाध्यक्ष बरकत खान ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सबसे आवश्यक है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की। निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि आम मतदाता का चुनावी व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।
उन्होंने घोषणा की कि पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी। इसी कड़ी में सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय से समाहरणालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। पीस वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष अनुकूल मिश्रा, मो. सरफराज, मो. कलीमुद्दीन, बास्की यादव, राजेश सिंह, रिजवान अहमद, मृत्युंजय यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


