प्रो. गोपाल पाठक ने बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी में अकादमिक लीडरशिप पर दिया व्याख्यान, एसबीयू के विद्यार्थियों को मिलेगा इंटर्नशिप का अवसर

बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी में अकादमिक लीडरशिप पर व्याख्यान देते प्रो. गोपाल पाठक।
भुवनेश्वर प्रवास के दौरान सेंचुरियन यूनिवर्सिटी का भी किया दौरा, कीट विश्वविद्यालय के साथ एमओयू पर बनी सहमति

रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर में अकादमिक लीडरशिप विषय पर व्याख्यान दिया। इस दौरान उन्होंने वर्तमान समय में अकादमिक नेतृत्व की भूमिका, चुनौतियों और विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की।

प्रो. पाठक ने भारत में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अकादमिक लीडरशिप की आवश्यकता और संचार में इसकी भूमिका पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए नेतृत्वकर्ताओं को रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने तथा उनके लिए स्मार्ट लक्ष्य निर्धारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सेंचुरियन यूनिवर्सिटी में कौशल विकास कार्यक्रम पर चर्चा

भुवनेश्वर प्रवास के दौरान प्रो. गोपाल पाठक ने सेंचुरियन यूनिवर्सिटी का भी दौरा किया। इस क्रम में उन्होंने विश्वविद्यालय के कौशल विकास कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच हुए करार के तहत अब सरला बिरला विश्वविद्यालय के विद्यार्थी इंटर्नशिप के लिए सेंचुरियन यूनिवर्सिटी जा सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास का अवसर मिलेगा।

कीट विश्वविद्यालय के साथ एमओयू पर बनी सहमति

भुवनेश्वर में कीट विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सरनजीत सिंह और प्रो. गोपाल पाठक के बीच दोनों विश्वविद्यालयों के मध्य एमओयू करने पर भी सहमति बनी। इससे शैक्षणिक सहयोग और विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों की संभावनाएं बढ़ेंगी।

सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने विभिन्न विश्वविद्यालयों के साथ एसबीयू के हुए करार पर हर्ष व्यक्त किया है।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More