द हाईवे फैशन वीक सीजन-10 का 13 दिसंबर को होगा भव्य आयोजन, देश-विदेश के मॉडल्स और डिजाइनर्स बिखेरेंगे जलवा

एक्वा वर्ल्ड में संपन्न हुआ ऑडिशन, झारखंड की स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिलेगा हुनर दिखाने का मौका
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में फैशन और ग्लैमर का भव्य आयोजन होने जा रहा है। जिम्मी मॉडल्स ग्रुप (JMG) और श्रीधर डेवलपर के तत्वावधान में 13 दिसंबर 2026 को ‘द हाईवे फैशन वीक सीजन-10’ का आयोजन किया जाएगा। इस फैशन शो में देश-विदेश के नामचीन मॉडल्स और डिजाइनर्स के साथ रांची एवं झारखंड के प्रतिभाशाली मॉडल्स और डिजाइनर्स भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन को लेकर 22 नवंबर 2026 (रविवार) को राजभवन के समीप एक्वा वर्ल्ड (मछली घर) में ऑडिशन आयोजित किया गया। ऑडिशन सुबह 12 बजे से शाम 4 बजे तक चला। इसमें कुल कितने मॉडल्स ने हिस्सा लिया, इसकी संख्या आयोजकों की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऑडिशन में निर्णायक की भूमिका चिकू सिंह, डॉ. डेज़ी सिन्हा, सागर श्रीध और अमित मिश्रा ने निभाई।
आयोजकों के अनुसार, इस बार ‘द हाईवे फैशन वीक’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति और भव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम का आयोजन रांची रेलवे स्टेशन के समीप स्थित होटल चाणक्य बीएनआर के पूल साइड में होगा। हाईवे थीम पर आधारित इस शो में रैंप को विशेष रूप से हाईवे का स्वरूप दिया जाएगा, जिस पर मॉडल्स अपने अंदाज और प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इस आयोजन के माध्यम से झारखंड के उभरते मॉडल्स और डिजाइनर्स को देश-विदेश की फैशन इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा। शो में नए और उभरते डिजाइनर्स के नवीनतम कलेक्शन भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मौका मिलेगा।
गौरतलब है कि जिम्मी मॉडल्स ग्रुप पिछले नौ वर्षों से देश के विभिन्न हिस्सों में इस प्रतिष्ठित फैशन शो का आयोजन करता आ रहा है। सीजन-9 का आयोजन रांची के होटल रेडिसन ब्लू में हुआ था, जबकि सीजन-8 का आयोजन नोएडा फिल्म सिटी में किया गया था। पिछले आयोजनों की सफलता के बाद सीजन-10 को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजन समिति के जिम्मी गुप्ता और सिद्धांत सिंह राजपूत ने बताया कि पिछले नौ सीजन के दौरान इस मंच से कई मॉडल्स और डिजाइनर्स को अपनी प्रतिभा निखारने तथा फैशन इंडस्ट्री में नई पहचान बनाने का अवसर मिला है। आने वाले वर्षों में इस आयोजन को भारत के बाहर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आयोजित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि द हाईवे फैशन वीक सीजन-10 झारखंड की फैशन प्रतिभाओं को बड़े मंच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



