Bokaro News: लुगुबुरु घंटाबाड़ी धोरोम गढ़ महोत्सव में श्रद्धालुओं की सुरक्षा में झारखंड जगुआर की महत्वपूर्ण भूमिका

बोकारो: ललपनिया के लुगुबुरु घंटाबाड़ी धोरोम गढ़ महोत्सव का आयोजन 22 नवंबर से 24 नवंबर तक किया गया। इस अवसर पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने छरछरिया सीतानाला में स्नान कर लुगुबुरु पहाड़ में स्थित पवित्र गुफा में पहुंचकर अपने पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना की।
लुगुबुरु पहाड़ स्थित गुफा तक पहुंचने का मार्ग अत्यंत दुर्गम, पथरीला एवं घने जंगलों से होकर गुजरता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के उद्देश्य से 33 पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए थे। झारखंड जगुआर के 8 सशस्त्र ग्रुप की प्रतिनियुक्ति की गई थी। उनकी तैनाती लुगुबुरु पहाड़ के प्रारंभ से अंतिम गुफा तक, छरछरिया से तूलबुल तथा तिलैया से चोरगांवा के जंगली क्षेत्र में की गई थी।
महोत्सव के दौरान पहाड़ पर चढ़ने-उतरने के क्रम में कुछ श्रद्धालुओं को चोट लगी तथा कुछ श्रद्धालु बेहोश भी हो गए। ऐसी आपातकालीन परिस्थितियों में झारखंड जगुआर के एसाल्ट ग्रुप के जवानों द्वारा उपलब्ध कराए गए मेडिकल किट के माध्यम से तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया। दुर्गम एवं पथरीले रास्तों के कारण घायल श्रद्धालुओं को नीचे लाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। ऐसी स्थिति में जवानों ने मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए घायलों को स्ट्रेचर की सहायता से तथा आवश्यकता पड़ने पर अपने कंधों पर उठाकर एवं सहारा देकर सुरक्षित रूप से पहाड़ के नीचे लाया तथा मेडिकल टीम के माध्यम से आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया।
इस प्रकार, महोत्सव के दौरान झारखंड जगुआर के जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आपातकालीन चिकित्सा सहायता एवं मानवीय सेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया। उनके समर्पण, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा से श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

