दुग्ध उत्पादकों को हर लीटर दूध पर मिलेंगे 5 रुपये प्रोत्साहन, रोजाना 93.15 लाख लीटर हो रहा उत्पादन

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने झारखंड के डेयरी क्षेत्र की उपलब्धियां साझा कीं।
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने साझा की डेयरी क्षेत्र की उपलब्धियां, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां में बनेंगे नए डेयरी संयंत्र

रांची: झारखंड में दुग्ध उत्पादन और डेयरी क्षेत्र के विस्तार को लेकर राज्य सरकार ने कई योजनाओं पर काम शुरू किया है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य में दुग्ध उत्पादन, संग्रहण, प्रसंस्करण और पशुपालन के क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए डेयरी क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है।

मंत्री के अनुसार, झारखंड में वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 93.15 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य का वार्षिक दुग्ध उत्पादन बढ़कर 34 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह 31.99 लाख मीट्रिक टन था।

दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर 5 रुपये प्रोत्साहन

राज्य सरकार दूध की आपूर्ति पर दुग्ध उत्पादकों को 5 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि दे रही है। मंत्री ने कहा कि इससे पशुपालकों को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिल रहा है और अधिक से अधिक किसान झारखंड राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक महासंघ (JMF) की सहकारी व्यवस्था से जुड़ रहे हैं।

सरकार का उद्देश्य पशुपालन को ग्रामीण परिवारों के लिए नियमित और लाभकारी आजीविका का माध्यम बनाना है। इसके लिए सहकारी समितियों के विस्तार और दूध के बेहतर विपणन की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

दूध संग्रहण बढ़कर 2.88 लाख किलोग्राम प्रतिदिन

झारखंड मिल्क फेडरेशन (JMF) के माध्यम से दूध संग्रहण में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रतिदिन औसतन 2.39 लाख किलोग्राम दूध का संग्रहण किया गया था। अक्टूबर 2026 तक यह बढ़कर 2.88 लाख किलोग्राम प्रतिदिन हो गया।

वर्तमान में 60 हजार से अधिक दुग्ध उत्पादक किसान JMF से जुड़े हैं। राज्य में 1,085 मिल्क पूलिंग पॉइंट कार्यरत हैं और 3,490 गांवों को दुग्ध संग्रहण व्यवस्था से जोड़ा गया है। इसके अलावा राज्य में 230 पंजीकृत एवं क्रियाशील जिला सहकारी दुग्ध समितियां हैं।

राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2028-29 तक प्रतिदिन 5 लाख किलोग्राम दूध संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में संग्रहण केंद्रों का विस्तार, सहकारी समितियों को मजबूत करने और अधिक पशुपालकों को व्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां में बनेंगे नए डेयरी संयंत्र

मंत्री ने बताया कि JMF के अंतर्गत वर्तमान में छह दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र संचालित हैं। इनकी कुल प्रसंस्करण क्षमता 2.80 लाख लीटर प्रतिदिन है। भविष्य में दूध संग्रहण का लक्ष्य बढ़ाने को ध्यान में रखते हुए गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां में 50-50 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के नए डेयरी संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त रांची में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का दुग्ध पाउडर संयंत्र और दुग्ध उत्पाद डेयरी भी स्थापित की जा रही है। इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य जारी है। मंत्री ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं के निर्माण के लिए झारखंड सरकार 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है।

इन संयंत्रों के शुरू होने से दूध के प्रसंस्करण, भंडारण और दुग्ध उत्पादों के निर्माण की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही दुग्ध उत्पादकों को अपने उत्पाद के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

गोड्डा में स्थापित होगा 50 मीट्रिक टन क्षमता का पशु आहार संयंत्र

मंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुओं को गुणवत्तापूर्ण और संतुलित आहार उपलब्ध कराना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से JMF के अंतर्गत मेधा डेयरी, होटवार (रांची) में 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का पशु आहार प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित है।

इसके अलावा गोड्डा में भी 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का नया पशु आहार संयंत्र स्थापित करने की स्वीकृति चालू वित्तीय वर्ष में दी गई है। इस परियोजना का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इससे पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण पशु आहार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

नस्ल सुधार के लिए 61.37 लाख कृत्रिम गर्भाधान

मंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए बेहतर नस्ल के पशु, पशु स्वास्थ्य सेवाएं और वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियां महत्वपूर्ण हैं। 20वीं पशुधन गणना के अनुसार झारखंड में 112.23 लाख गाय और 13.50 लाख भैंस हैं। राज्य में कुल गोवंशीय पशुधन की संख्या 125.73 लाख बताई गई है।

इनमें 2.84 लाख प्रजनन योग्य क्रॉस ब्रीड गाय, 30.53 लाख प्रजनन योग्य देशी गाय और 4.33 लाख प्रजनन योग्य भैंस शामिल हैं। पशुओं की नस्ल सुधारने और दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक राज्य में कुल 61.37 लाख कृत्रिम गर्भाधान किए गए हैं।

किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि डेयरी क्षेत्र केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवारों को नियमित आमदनी, रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कृषि के साथ पशुपालन को प्रोत्साहित कर किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित आर्थिक लाभ दिलाने के लिए प्रति लीटर 5 रुपये प्रोत्साहन राशि, आधुनिक डेयरी संयंत्रों की स्थापना, दूध संग्रहण नेटवर्क का विस्तार और पशु आहार उत्पादन की सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर मंत्री ने राज्य के सभी दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों, महिला किसानों, सहकारी समितियों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि किसानों की सक्रिय भागीदारी और सरकार के प्रयासों से झारखंड आने वाले वर्षों में दुग्ध उत्पादन एवं संग्रहण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More