भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय की पहल पर +2 जिला स्कूल में परीक्षा फॉर्म भरने की समस्या का समाधान

गिरिडीह: अजीडीह स्थित +2 जिला स्कूल, गिरिडीह में पिछले चार दिनों से परीक्षा फॉर्म भरने को लेकर छात्र-छात्राएं परेशान थे। विद्यालय के प्राचार्य द्वारा प्रतिदिन फॉर्म भरने के लिए विद्यार्थियों को वापस लौटाया जा रहा था, जिससे बच्चों एवं अभिभावकों में नाराजगी थी।
मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ विद्यालय पहुंचे और प्राचार्य से वार्ता की। इसके बाद उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) से दूरभाष पर बात कर समस्या से अवगत कराया तथा जल्द समाधान करने का आग्रह किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पुनः शुरू कर दी गई। इससे परेशान छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने राहत की सांस ली। इस पहल के लिए बच्चों एवं अभिभावकों ने भाजपा जिलाध्यक्ष सहित सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रंजीत कुमार राय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे अपना पूरा ध्यान पढ़ाई और कक्षा में नियमित उपस्थिति पर केंद्रित करें। विद्यालय एवं शिक्षकों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखें तथा अनुशासन का पालन करें। शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य का सबसे मजबूत आधार है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का समाधान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस दौरान स्थानीय उपप्रमुख कुमार सौरभ, मुखिया प्रतिनिधि नरेश यादव, भाजपा कार्यकर्ता रोहित चौबे, विपुल चौधरी, अक्षय कुमार, एबीवीपी के मंटू मुर्मू एवं अनीस राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी किसी भी समस्या पर संवेदनशीलता के साथ पहल की जाएगी। बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

