सोनपुर मेला घूमने का बना रहे हैं प्लान? 900 रुपये से शुरू है टूर पैकेज, कपल के लिए भी खास ऑफर

सोनपुर मेले के लिए पर्यटन निगम का विशेष टूर पैकेज (I.S- AI generated)

पटना: विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने विशेष टूर पैकेज तैयार किए हैं। इस बार पर्यटक अपने बजट और जरूरत के अनुसार एसी बस से लेकर लग्जरी कार तक से सोनपुर मेले का भ्रमण कर सकेंगे। पटना से सोनपुर आने-जाने के लिए टूर पैकेज की शुरुआत 900 रुपये प्रति व्यक्ति से हो रही है। वहीं, दो लोगों के लिए छह हजार रुपये का विशेष कपल पैकेज भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

पर्यटन निगम की ओर से पटना के दो स्थानों से सोनपुर के लिए वाहनों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें वीरचंद पटेल पथ स्थित कौटिल्य विहार होटल और दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन शामिल हैं। इन दोनों स्थानों से रोजाना दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक सोनपुर के लिए वाहन उपलब्ध रहेंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 22 नवंबर को हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने हर वर्ष मेले में आने वाले लाखों पर्यटकों को इस बार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही ऐतिहासिक मेले में नए तरह के अनुभव देने की बात कही थी। इसी के मद्देनजर इस वर्ष मेले में मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षा और पर्यटकों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है। अन्य वर्षों की तुलना में इस बार अलग-अलग टूर पैकेज तैयार किए गए हैं, ताकि मेले में आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके और मेले के प्रति आकर्षण बढ़े।

वाहनों के अनुसार निर्धारित किया गया किराया

पर्यटकों की सुविधा के लिए अलग-अलग श्रेणी के वाहनों का किराया तय किया गया है। एसी बस, डबल डेकर बस और विंगर से आने-जाने के लिए प्रति व्यक्ति 900 रुपये देने होंगे। वहीं, एसी ट्रैवलर का किराया 950 रुपये, इनोवा का 1100 रुपये और इटियोस का 1300 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। पर्यटक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार वाहन का चयन कर सकेंगे।

कपल पैकेज में भोजन और ठहरने की सुविधा

पर्यटन निगम की ओर से दो लोगों के लिए छह हजार रुपये का विशेष कपल टूर पैकेज भी तैयार किया गया है। इसमें इटियोस एसी वाहन से यात्रा एवं भ्रमण, होटल में ठहरने और टूरिस्ट गाइड की सुविधा शामिल है। इसके अलावा ब्रेकफास्ट, लंच, शाम का स्नैक्स और डिनर भी पैकेज का हिस्सा होगा। इस पैकेज के जरिए पर्यटकों को यात्रा, भोजन और ठहरने के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी।

वेबसाइट और फोन से मिलेगी जानकारी

टूर पैकेज की बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 8544418314 पर फोन कर पैकेज, किराये और उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More