स्थापना दिवस पखवाड़ा: रोजगार, आवास, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में दिखी विकास की रफ्तार

रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को राज्य के विभिन्न जिलों में विकास, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी व्यापक गतिविधियों का आयोजन किया गया। ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ की भावना के साथ जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों ने ग्रामीण रोजगार, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तीकरण, नशामुक्ति और वित्तीय समावेशन को केंद्र में रखकर कार्यक्रम आयोजित किए। पंचायतों से लेकर विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई।
दिनभर की प्रमुख उपलब्धियां एवं गतिविधियां :
आवास योजनाओं से साकार हुआ पक्के घर का सपना : पाकुड़ जिले के सभी छह प्रखंडों में 53 परिवारों ने गृह प्रवेश किया। सरायकेला-खरसावां में 61 परिवारों को नए आवास की सौगात मिली। सिमडेगा में 34 परिवारों तथा गोड्डा में 22 लाभुकों ने अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम-जनमन के तहत निर्मित घरों में प्रवेश किया। गढ़वा में भी विभिन्न पंचायतों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ग्रामीण रोजगार और विकास को गति : सिमडेगा में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 8,408 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने और 4,822 मानव दिवस सृजित करने की जानकारी दी गई। जिले की सभी 94 पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित कर विकास योजनाओं के लिए 457 आवेदन प्राप्त किए गए।
शिक्षा और प्रतिभा को मिला मंच : लोहरदगा, गोड्डा, कोडरमा, दुमका, गढ़वा, चतरा सहित विभिन्न जिलों में क्विज, निबंध, पेंटिंग, नृत्य, गायन, नाटक और कथावाचन प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। विद्यार्थियों ने झारखंड की संस्कृति, इतिहास और विरासत से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नशामुक्त समाज के लिए व्यापक अभियान : आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायतों में NAPDDR के तहत जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, शपथ ग्रहण, पोस्टर, रंगोली और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। लोहरदगा में 128 विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। रामगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों पर 17,326 लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार : गोड्डा के बोआरीजोर में आठ गांवों में 222 बुखार पीड़ितों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें 30 संक्रमित मिले। सरायकेला-खरसावां में खिलाड़ियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। चतरा और अन्य जिलों में रक्तदान शिविरों के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित किया गया।
किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी : चतरा, दुमका, लोहरदगा और रामगढ़ में रबी फसल कार्यशाला, खेत बचाओ अभियान, बीज वितरण और आधुनिक कृषि तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया गया। किसानों को मृदा स्वास्थ्य, फसल संरक्षण और दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने की जानकारी दी गई।
महिला सशक्तीकरण और वित्तीय समावेशन : दुमका के सरैयाहाट में जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन हुआ। गोड्डा के मेहरमा में बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट केंद्र शुरू किया गया। कोडरमा में आंगनबाड़ी केंद्रों पर मातृत्व, किशोरी स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई।
जनसेवाओं को बनाया गया सुगम : चतरा में आधार कार्यशाला, गोड्डा में जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं का सम्मान समारोह तथा दुमका में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए गए। कोडरमा में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।
राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित ये गतिविधियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विकास कार्यों में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आईं।



