Hazaribagh News : लोकतंत्र में विरोध करना जनता का संवैधानिक अधिकार : निसार खान

हजारीबाग : दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को जिला कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष सह जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष निसार खान ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई बताया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता अपने मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल युवाओं और आम लोगों को अराजक बताना भाजपा की हताशा और अलोकतांत्रिक सोच को दर्शाता है।
निसार खान ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना जनता का संवैधानिक अधिकार है। भाजपा नेताओं को जनता की आवाज सुननी चाहिए, न कि प्रदर्शनकारियों को बदनाम करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता कमजोर हुई है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए जाने का मामला बेहद गंभीर है। इससे मतदाताओं के अधिकारों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
निसार खान ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। सत्ता के अहंकार में मताधिकार को कमजोर करने की कोशिशों का जवाब जनता देगी। कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखेगी।


