Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती व एसपी अमन कुमार की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था एवं शांति समिति बैठक

हजारीबाग: दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था एवं शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व के आयोजनों के अनुभवों पर चर्चा की गई और शांति समिति के सदस्यों से पूजा आयोजन से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद जिला प्रशासन ने पूजा समितियों, आम नागरिकों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में 11 अक्टूबर 2026 से नवरात्र के साथ दुर्गापूजा का आयोजन शुरू होगा। 18 अक्टूबर को महासप्तमी, 19 अक्टूबर को महाअष्टमी एवं महानवमी तथा 20 अक्टूबर को विजयादशमी यानी दशहरा मनाया जाएगा। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पूजा पंडालों का निर्माण कर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन होगा। पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, अग्निशमन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
पंडालों में सीसीटीवी और एलईडी स्क्रीन से होगी निगरानी
जिला प्रशासन ने सभी छोटे-बड़े पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे एवं एलईडी स्क्रीन लगाने और उनकी लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया है। पूजा समितियों को पहचान-पत्र एवं निर्धारित ड्रेस कोड के साथ स्वयंसेवकों की तैनाती करनी होगी। स्वयंसेवकों की सूची मोबाइल नंबर सहित संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध करानी होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस और पूजा समितियों के बीच तत्काल समन्वय स्थापित किया जा सके।
भीड़ नियंत्रण के लिए पंडालों में बैरिकेडिंग करने के साथ पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। पंडाल परिसर और आसपास के रास्तों में साफ-सफाई तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करना भी अनिवार्य किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक पंडाल में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली लगाने का निर्देश दिया गया है, जिससे आवश्यक सूचनाएं श्रद्धालुओं तक समय पर पहुंचाई जा सकें।
अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था पर विशेष जोर
पूजा पंडालों में अगलगी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा है। पंडाल निर्माण में नायलॉन, सिंथेटिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने होंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि अग्निशमन उपकरणों की वैधता समाप्त नहीं हुई हो।
दीपक एवं अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के इस्तेमाल के दौरान विशेष सावधानी बरतने और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए इन्वर्टर या जनरेटर की व्यवस्था रखने को कहा गया है। आपातकालीन स्थिति में दमकल वाहनों के पहुंचने के लिए रास्ता खाली रखना अनिवार्य होगा। पंडालों और मेला स्थलों से पर्याप्त दूरी पर पार्किंग की व्यवस्था चिह्नित करनी होगी, ताकि यातायात बाधित न हो।
प्रशासन ने पूजा समितियों को अग्निशमन विभाग से फायर सेफ्टी, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से पंडाल की मजबूती तथा बिजली विभाग से विद्युत तारों के सही कनेक्शन से संबंधित प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया है। सुरक्षा, सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी जैसी व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक अंडरटेकिंग भी उपलब्ध करानी होगी। वहीं, रावण दहन के दिन एंबुलेंस की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
श्रद्धालु कीमती सामान लेकर निकलने से बचें
दुर्गापूजा के दौरान शहर के विभिन्न पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए आम नागरिकों से भी सतर्कता बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से पंडालों के भ्रमण के दौरान निजी वाहनों का कम से कम उपयोग करने का आग्रह किया है, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखने की सलाह दी गई है। दोपहिया वाहन चालकों को मोटरसाइकिल में डबल लॉक सिस्टम का अधिकाधिक उपयोग करने को कहा गया है।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पंडालों में अनावश्यक रूप से कीमती सामान और आभूषण पहनकर जाने से बचें। पंडालों के आसपास लगाए गए सूचना बोर्ड एवं होर्डिंग पर लिखे निर्देशों का पालन करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी अथवा संबंधित पदाधिकारी को सूचना दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध बैग, खिलौना गाड़ी या अन्य किसी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं। छेड़खानी, छिनतई और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं की आशंका होने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को सूचना दें। इसी तरह किसी आपत्तिजनक वस्तु को स्वयं हटाने का प्रयास नहीं करें।
आपात स्थिति में डायल-112 या नियंत्रण कक्ष से करें संपर्क
जिला प्रशासन ने आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 8002529349 जारी किया है। किसी भी आपात स्थिति में इस नंबर के अलावा डायल-112 अथवा संबंधित पुलिस पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें और समय रहते पुलिस को इसकी सूचना दें।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
दुर्गापूजा एवं दशहरा के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपत्तिजनक, उत्तेजक, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाले संदेश, संवाद अथवा तस्वीर को प्रसारित नहीं करने की अपील की है। किसी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे दूसरे लोगों तक भेजने से बचने को कहा गया है। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने का निर्देश दिया गया है। यदि किसी को भ्रामक संदेश, आपत्तिजनक तस्वीर या अफवाह से संबंधित सामग्री दिखाई देती है, तो इसकी सूचना साइबर थाना, संबंधित थाना या पुलिस पदाधिकारियों को देने की अपील की गई है। आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी बताई गई है। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि पूजा समितियों, शांति समिति के सदस्यों और आम नागरिकों के सहयोग से दुर्गापूजा एवं दशहरा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा। अंत में प्रशासन ने जिलेवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी से सुरक्षा नियमों का पालन करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।


