Hazaribagh News: कांग्रेस नेता योगेंद्र साव की टिप्पणी पर भाजपा नेताओं का कड़ा पलटवार

प्रेसवार्ता में मौजूद केरेडारी, बेलतू और उरीमारी मंडल के भाजपा पदाधिकारी।

हजारीबाग: बड़कागांव के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री योगेंद्र साव द्वारा हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल और सदर एवं बड़कागांव के भाजपा विधायकों को लेकर की गई टिप्पणी पर भाजपा से जुड़े बड़कागांव और केरेडारी क्षेत्र के नेताओं ने बुधवार को कड़ा पलटवार किया। हजारीबाग परिसदन में भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल मिश्रा के नेतृत्व में बड़कागांव और केरेडारी क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने प्रेसवार्ता कर योगेंद्र साव के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

भाजपा नेता अनिल मिश्रा ने कहा कि राजनीति में मर्यादा और तथ्य दोनों जरूरी हैं। बिना तथ्य के किसी ईमानदार व्यवसायी और जनप्रतिनिधि पर सवाल उठाना राजनीतिक हताशा का परिचायक है। उन्होंने कहा कि योगेंद्र साव को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि किसी राजनेता का ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपना पुश्तैनी व्यवसाय करना आखिर अपराध कैसे हो गया। मनीष जायसवाल का कारोबार कोई अचानक खड़ा किया गया व्यवसाय नहीं है, बल्कि उनके परिवार में पीढ़ियों से चला आ रहा पुश्तैनी कारोबार है। ईमानदारी से व्यापार करने वाला व्यक्ति समाजसेवा और राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा करे, इसमें आपत्ति किस बात की है।

दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने अतीत का हिसाब दें

भाजपा नेता अनिल मिश्रा ने कहा कि दूसरों के कारोबार पर सवाल उठाने वाले योगेंद्र साव पहले अपने व्यवसाय और राजनीतिक जीवन के पुराने अध्यायों का जवाब दें। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल और कारोबारी गतिविधियों को लेकर फायर क्ले, पत्थर, कोयले की अवैध उत्खनन और हार्डकोक फैक्ट्री के कारोबार से जुड़े सवाल सार्वजनिक रूप से उठते रहे हैं। जोरदाग में हार्डकोक के कारोबार में कोयले की आपूर्ति कहां से होती थी और उसके स्रोत क्या थे, इसकी स्थिति भी स्पष्ट की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति की आड़ में कारोबार करने और कारोबार को राजनीति से जोड़कर लाभ लेने के आरोपों से बचने के लिए दूसरों पर कीचड़ उछालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि योगेंद्र साव को सांसद मनीष जायसवाल के व्यवसाय, संपत्ति या राजनीतिक जीवन को लेकर कोई आपत्ति है तो वे तारीख, दस्तावेज और प्रमाण के साथ सार्वजनिक बहस के लिए सामने आएं। भाजपा तथ्य आधारित जवाब देने के लिए तैयार है।

27 मामलों का किया उल्लेख, न्यायालय के फैसलों का दिया हवाला

प्रेसवार्ता में भाजपा नेता अनिल मिश्रा ने योगेंद्र साव के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उपलब्ध न्यायिक/मीडिया रिकॉर्ड में वर्ष 2022 के आसपास उनके खिलाफ 27 मुकदमों का उल्लेख मिलता है। उस समय उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार कई मामलों में फैसला आ चुका था और कुछ मामलों में वे बरी भी हुए थे।

प्रेसवार्ता में वितरित दस्तावेज में जिन प्रमुख मामलों का उल्लेख किया गया, उनमें वर्ष 2008 का बड़कागांव थाना कांड संख्या 26/2008, वर्ष 2010 का केरेडारी थाना कांड, केरेडारी थाना कांड संख्या 55/2010, वर्ष 2014 का गिद्दी थाना कांड संख्या 48/2014, वर्ष 2015 का बड़कागांव थाना कांड संख्या 167/2015, कांड संख्या 90/2015, 91/2015, 92/2015, 93/2015 एवं 97/2015, रंगदारी से संबंधित मामला, वर्ष 2016 के बड़कागांव थाना कांड संख्या 122, 123, 225 एवं 226/2016, कांड संख्या 228/2016 तथा वर्ष 2018 के बड़कागांव थाना कांड संख्या 167/18 शामिल हैं। अनिल मिश्रा ने कहा कि इन मामलों में न्यायालयों में हुई कार्यवाही का रिकॉर्ड सार्वजनिक है। उन्होंने विशेष रूप से रामगढ़ स्पंज आयरन फैक्ट्री से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले का उल्लेख किया। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार इस मामले में निचली अदालत ने वर्ष 2015 में योगेंद्र साव को ढाई वर्ष की सजा सुनाई थी, हाईकोर्ट ने सजा बरकरार रखी और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी अपील खारिज कर दी थी।

उन्होंने वर्ष 2016 के बड़कागांव कांड संख्या 228/16 का भी उल्लेख किया। वर्ष 2022 में निचली अदालत ने चिरूडीह गोलीकांड मामले में योगेंद्र साव और उनकी पत्नी निर्मला देवी को 10-10 वर्ष की सजा सुनाई थी तथा इसके खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की गई थी। इन्होंने अपने सत्ता के अधिकार का भी अपने इन कुकर्मों को छुपाने के लिए खुद दुरुपयोग किया।

अनिल मिश्रा ने कहा कि शीशे के घर में रहने वाले दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंका करते। राजनीति में आरोप लगाने से पहले अपने दामन को भी देख लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल के सेवाकार्य का एक वार्षिक कैलेंडर है, जो जनहित में संचालित है और जनता का समर्थन एवं आशीर्वाद उन्हें इन कार्यों के माध्यम से मिलता है। उन्होंने योगेंद्र साव से सवाल किया कि वे बताएं कि जनता के हित में उन्होंने क्या किया। उन्होंने कहा कि मनीष जायसवाल ने जनता के बीच रहकर राजनीति की है और उनका सामाजिक जीवन भी सार्वजनिक है। किसी के पारिवारिक और पुश्तैनी कारोबार को बदनाम करने का प्रयास सिर्फ इसलिए स्वीकार नहीं किया जा सकता कि वह व्यक्ति आज जनता का प्रतिनिधित्व कर रहा है।

अनिल मिश्रा ने योगेंद्र साव पर यह भी आरोप लगाया कि सत्ता का हनक दिखाकर उन्होंने एनटीपीसी से प्रति टन 10 रुपये अब भी आर्थिक लाभ की प्राप्ति कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि बयानबाजी से इतिहास नहीं बदला जा सकता और आरोपों से किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा समाप्त नहीं की जा सकती। जनता सब देखती है और समय आने पर हर राजनीतिक व्यक्ति से उसके कर्मों का हिसाब लेती है। उन्होंने कहा कि योगेंद्र साव विधायक रहे, मंत्री रहे और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी विधायक रहे, लेकिन भाजपा के अनुसार बड़कागांव की जनता ने उनके राजनीतिक प्रदर्शन का जवाब चुनावों में दिया है। इसके विपरीत मनीष जायसवाल को जनता ने दो बार विधायक और अब सांसद के रूप में अपना प्रतिनिधि चुना है।

अनिल मिश्रा ने कहा कि भाजपा व्यक्तिगत स्तर पर विवाद बढ़ाने में विश्वास नहीं करती, लेकिन यदि कोई व्यक्ति बार-बार तथ्यहीन आरोप लगाकर जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास करेगा तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। सम्मान देना हमारी संस्कृति है, लेकिन सम्मान का अर्थ यह नहीं कि कोई कुछ भी बोलता रहे और हम चुपचाप सुनते रहें। गलत बयानबाजी का जवाब तथ्याधारित तरीके से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो योगेंद्र साव के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े सवालों का भी क्रमवार जवाब जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और जनसेवा की राजनीति करती है तथा व्यक्तिगत आरोपों की राजनीति करने वालों को अपने और अपने परिवार के सदस्यों के 15 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।

भाजपा बेटा प्रीतम साव बोले- योगेंद्र साव की राजनीतिक जमीन हो गई है बंजर

प्रेसवार्ता में केरेडारी प्रखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता प्रीतम साव ने कहा कि योगेंद्र साव कांग्रेस से जुड़े हैं और भाजपा के जनप्रतिनिधियों का कार्य उनसे पच नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी राजनीतिक जमीन कमजोर होने के बाद वे खुद को जनता के बीच बनाए रखने के लिए लोकप्रिय सांसद मनीष जायसवाल और भाजपा विधायकों के खिलाफ बयानबाजी कर जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

बेलतू बीजेपी मंडल अध्यक्ष सुनील राज सिंह ने जमीन को लेकर योगेंद्र साव पर लगाया संगीन आरोप

केरेडारी के बेलतू भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील राज सिंह उर्फ शेर सिंह ने योगेंद्र साव पर जमीन से संबंधित गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जमीरा, जहां उनका घर है, वहां योगेंद्र साव का भी घर है और उनके अनुसार योगेंद्र साव ने उनकी करीब 20 कट्ठा जमीन पर कब्जा कर रखा है। उन्होंने कहा कि उक्त जमीन उनके मौसा जी की खतियानी जमीन है।उन्होंने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल क्षेत्र के युवाओं को नशामुक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल कर रहे हैं और नमो फुटबॉल जैसे आयोजन कर रहे हैं, जबकि योगेंद्र साव के सुपुत्र के पूर्व के वायरल वीडियो को लेकर भी जनता के बीच सवाल उठे हैं।

सांसद प्रतिनिधि पूनम साव ने भी साधा निशाना, कहा अधिक उम्र के कारण सठिया गये हैं योगेंद्र साव अब आराम करने की है जरूरत

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेत्री पूनम साव ने कहा कि ‘विनाश काले विपरीत बुद्धि’ वाली कहावत पूर्व मंत्री योगेंद्र साव पर सटीक बैठ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष में रहते हुए विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए उल्टा-सीधा बयान दिया जा रहा है। पूनम साव ने योगेंद्र साव की उम्र को लेकर भी तीखी टिप्पणी की और कहा कि उनके अनुसार उन्हें अब राजनीति से आराम लेना चाहिए। पिता-पुत्री द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर दिए गए अलग-अलग बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बाप विरोध करते हैं और बेटी बाप की ही प्रक्रिया पर आपत्ति जताती है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपने बेटे की कंपनी को एनटीपीसी में ठेकेदारी नहीं मिलने के बाद आंदोलन का रुख किया गया और बाद में कथित तौर पर समझौता होने पर आंदोलन समाप्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बड़कागांव की जनता अब ऐसे झांसे में नहीं आने वाली है।

बीजेपी नेटा राजू साव बोले- अनर्गल बयानबाजी बंद करें योगेंद्र साव अन्यथा भाजपा खोलेगी मोर्चा

बड़कागांव के भाजपा नेता राजू साव ने भी योगेंद्र साव और उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर क्षेत्र की स्थिति खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने योगेंद्र साव को सांसद मनीष जायसवाल और भाजपा के विधायकों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी बंद करने की नसीहत दी।
उन्होंने कहा कि यदि बयानबाजी जारी रही तो भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक और तथ्यात्मक स्तर पर इसका जवाब देगी। प्रेसवार्ता में केरेडारी भाजपा मंडल अध्यक्ष बालगोविंद सोनी, उरीमारी भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय यादव, भाजपा नेता प्रमोद साव सहित कई अन्य कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More