Giridih News: नावाडीह-जमुआ में आजसू का शक्ति प्रदर्शन, हजारों कार्यकर्ताओं के जुलूस से गूंजा इलाका

नावाडीह-जमुआ में आजसू कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस

गिरिडीह: गिरिडीह सदर प्रखंड के नावाडीह-जमुआ में आजसू पार्टी के जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आजसू नेता संजय साहू और पूनम देवी के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्र के बदडीह से जुलूस की शक्ल में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

जुलूस के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे आजसू कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

इस जनसंवाद कार्यक्रम में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो भी शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। अब सबकी निगाहें सुदेश महतो के संबोधन पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि जनसंवाद के जरिए पार्टी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेगी और स्थानीय मुद्दों पर अपनी बात रखेगी।

नावाडीह-जमुआ में आजसू का यह जनसंवाद कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इलाके में सियासी हलचल तेज कर दी है।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More