मिर्जागंज-बदडीहा में गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, सामूहिक शंखनाद और झांकियों ने मोहा मन

गिरिडीह: जमुआ प्रखंड के मिर्जागंज-बदडीहा में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में शारदीय नवरात्र पर कलश स्थापना के साथ भव्य नगर भ्रमण सह शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों, धार्मिक ध्वजों और ‘जय माता दी’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। हजारों की संख्या में माताएं, बहनें, युवा और ग्रामीण शामिल हुए।

शोभायात्रा मिर्जागंज बाजार से शुरू होकर जगन्नाथडीह, बदडीहा सहित आसपास के गांवों से होकर गुजरी। रास्ते में पड़ने वाले मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
यह भी पढ़े: 145 वर्षों की परंपरा! पचंबा दुर्गा स्थान में 1001 कलशों के साथ निकली भव्य यात्रा, भक्तिमय हुआ गिरिडीह
इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण मिर्जागंज की बालिकाओं द्वारा किया गया सामूहिक शंखनाद रहा। दर्जनों बच्चियों ने एक साथ शंख बजाकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। इसमें ऊर्जा कुमारी, पूजा कुमारी, ईशा कुमारी, सोनाली कुमारी, मुस्कान, नंदनी और करीना कुमारी ने भाग लिया, जिसकी सभी ने सराहना की।

इसके अलावा, आकर्षक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान शिव की भूमिका में नवीन कुमार साव, बजरंगबली की भूमिका में प्रकाश राम और शेर की भूमिका में आदित्य कुमार ने शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों और युवाओं में इसे लेकर खास उत्साह दिखा।
समिति के अध्यक्ष रंजीत कुमार साहू ने बताया कि पूरे नवरात्र विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धर्म ही नहीं, सामाजिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है।
आयोजन को सफल बनाने में मुखिया रंजीत कुमार, नीरज गुप्ता, संरक्षक रामदास साव, रामचंद्र साव, दिलीप साहा, कोषाध्यक्ष संतोष साहू, उपाध्यक्ष रंजन साहा, मीडिया प्रभारी रवि राजा, चौकीदार सन्नी साहू सहित पुजारी परिवार के दिलीप, नीरज, प्रदीप, गंदोरी लाल उपाध्याय और प्रकाश राय की अहम भूमिका रही।


