Dhanbad News: एफसीआईएल पूर्व कर्मचारियों के पक्ष में हाईकोर्ट का आदेश, 24 साल बाद मिली बड़ी राहत

सिंदरी: शाहपुरा शिव मंदिर में बुधवार को दोपहर 12:15 बजे एफसीआईएल सिंदरी इकाई के पूर्व कर्मचारियों ने प्रेस वार्ता कर झारखंड हाईकोर्ट, रांची के 5 अगस्त 2026 के आदेश की जानकारी दी। पूर्व कर्मचारियों ने बताया कि वीएसएस मुआवजा राशि तथा वेतन पुनरीक्षण से जुड़े मामलों को लेकर वर्ष 2002 से कानूनी लड़ाई चल रही थी। हाईकोर्ट ने वीएसएस मुआवजे के मामले में पूर्व कर्मचारियों की मांग के अनुरूप 30 वर्ष से कम सेवा तथा 30 वर्ष पूर्ण कर चुके कर्मचारियों को समान लाभ दिए जाने का आदेश दिया है।
वेतन पुनरीक्षण के मामले में न्यायालय ने सक्षम प्राधिकारी के समक्ष आवेदन देकर मामले के समाधान का निर्देश दिया है। पूर्व कर्मचारियों ने इसे 24 वर्षों की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद बड़ी उपलब्धि बताया। इस अवसर पर एस.जे. सिंह, गोपाल सिंह, वीरेंद्र प्रसाद सिन्हा, एन.सी. मंडल, ए.डी. मंडल, रामजी राम, के.पी. यादव, एस.एन. ठाकुर, शैलेश सिंह, आर.एन. कुमार, आर.ए.पी. सिंह, जगत मांझी, विजय शाह एवं रामचंद्र सहित अन्य उपस्थित थे।

