Dhanbad News: स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है

धनबाद: सिंदरी में प्रधानमंत्री के महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम की ओर से घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन वाहन नियमित रूप से घरों तक पहुंचता है, जहां लोग अपने घरों का कचरा वाहन में डालते हैं। इसके बावजूद सिंदरी के एल टाइप-एसके फोर चौराहे के समीप सड़क किनारे कचरे का अंबार लगा हुआ है।
सड़क किनारे खुले में फेंके गए कचरे से न केवल स्वच्छता अभियान की छवि प्रभावित हो रही है, बल्कि आसपास के वातावरण में गंदगी, दुर्गंध फैलने एवं मच्छरों के प्रकोप से संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है। एक ओर सरकार स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों की लापरवाही अभियान के उद्देश्यों पर पानी फेर रही है।
स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों को इस दिशा में जागरूकता दिखाने की जरूरत है। घरों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय घर के परिसर में एकत्रित कर रखना चाहिए और कचरा संग्रहण वाहन आने पर उसी में डालना चाहिए। स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।
संबंधित विभाग को भी उक्त स्थल की सफाई कराकर दोबारा कचरा फेंकने पर रोक लगाने की दिशा में पहल करनी चाहिए। तभी स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य धरातल पर सफल हो सकेगा।


