Dhanbad News: कतरास के भंडारीडीह में किराये के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत

धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के भंडारीडीह में सोमवार को किराये के मकान में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी, जबकि उसकी पत्नी और पांच – छह महीने की बच्ची अचेत अवस्था में मिलीं। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर तीनों को बाहर निकाला और स्थानीय लोगों की मदद से कतरास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने 21 वर्षीय मोहम्मद गुलाम को मृत घोषित कर दिया। उसकी 20 वर्षीय पत्नी अष्टमी कुमारी और बच्ची का इलाज चल रहा है। पत्नी की हालत फिलहाल बेहोशी की बतायी गयी है।

पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर कमरे में जल रहे कोयले के चूल्हे से निकली गैस के कारण घटना होने की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर जुटे पड़ोसी

घटना के संबंध में पड़ोसियों ने बताया कि लक्ष्मी पूजा के बाद दंपती ने भोजन किया और एक ही बेड पर सो गये थे। पत्नी के मायके छाताबाद पांच नंबर से उनकी नानी रेखा देवी रात करीब 11:30 बजे भंडारीडीह पहुंचीं। उन्होंने मकान का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगायी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह रात में मकान के बाहर ही सो गयीं।

सोमवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने फिर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। रेखा देवी के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गये। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो कमरे के अंदर तीनों अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

कमरे में जल रहा था कोयले का चूल्हा

रेखा देवी के अनुसार, कमरे के अंदर कोयले वाला चूल्हा जल रहा था। आशंका जतायी जा रही है कि चूल्हे से निकली गैस के कारण दंपती और बच्ची बेहोश हो गये होंगे। उन्होंने बताया कि गुलाम और अष्टमी ने करीब डेढ़ साल पहले अपनी मर्जी से शादी की थी। दोनों की पांच-छह महीने की एक बच्ची है।

कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि कमरे के अंदर चूल्हा मिला है। प्रथम दृष्टया गैस के प्रभाव से घटना होने की आशंका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More