Dhanbad News: महापर्व छठ की तारीखों का ऐलान, तेरह नवंबर से नहाय-खाय के साथ होगी शुरुआत

सिंदरी: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालु तैयारियों में जुट गए हैं। चार दिवसीय पर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन होगा।एक ओर घरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर सिंदरी के सात लेक, आईएम टाइप और बीआईटी छठ घाट तालाबों में गंदगी का अंबार लगा है।
कई घाटों पर कचरा और गंदा पानी श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा सकता है। पर्व में कुछ ही दिन शेष रहने के बावजूद सफाई अभियान की गति धीमी है।सोमवार को नगर निगम के वार्ड 54-55 के सुपरवाइजर सत्येंद्र मरांडी ने कर्मियों के साथ शहरपुरा मंदिर छठ घाट तालाब में सफाई अभियान की शुरुआत की। इससे पहले दुर्गापूजा के दौरान बलियापुर के अंचल अधिकारी मुरारी नायक ने आईएम टाइप तालाब, दामोदर घाट और सैवन लेक तालाब में गंदगी, पानी की गहराई तथा पानी में कीड़े होने की आशंका पर चिंता जताई थी।
श्रद्धालुओं ने नगर निगम प्रशासन से सभी छठ घाटों पर युद्धस्तर पर सफाई, कचरा हटाने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, जलस्रोतों की स्वच्छता और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सीमित कर्मियों के बजाय अधिक सफाईकर्मियों को लगाकर समय रहते सभी घाटों की सफाई पूरी कराई जाए, ताकि व्रतियों को परेशानी न हो।




