Bokaro News: बीएसएल के ब्लास्ट फर्नेस विभाग में निवारक सतर्कता पर संवाद आयोजित

बोकारो: इस्पात संयंत्र में आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 तथा वर्तमान में संचालित तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के अंतर्गत 28 सितंबर 2026 को ब्लास्ट फर्नेस विभाग के मुख्य महाप्रबंधक सम्मेलन कक्ष में सतर्कता विभाग एवं ब्लास्ट फर्नेस विभाग के अधिकारियों के बीच एक संवादात्मक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का उद्देश्य कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा एवं जवाबदेही को सुदृढ़ करने के साथ-साथ निविदा प्रक्रियाओं में संभावित अस्पष्टताओं एवं चुनौतियों की पहचान कर उनके प्रभावी निवारण हेतु निवारक उपायों पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुआ। इसके पश्चात सतर्कता विभाग के सहायक महाप्रबंधक ने विषय से संबंधित प्रस्तुति के माध्यम से चर्चा को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम में ब्लास्ट फर्नेस विभाग के विभिन्न अनुभागों के महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक, योजना प्रकोष्ठ के अधिकारी सहित कुल 18 अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान निविदा प्रक्रिया से संबंधित एक केस स्टडी के माध्यम से अधिकारियों के साथ विस्तृत एवं संवादात्मक चर्चा की गई। चर्चा में निविदा दस्तावेजों में स्पष्टता, भूमिकाओं एवं उत्तरदायित्वों का समुचित निर्धारण, निर्णय लेने की प्रक्रिया में जवाबदेही तथा निविदा समितियों की भूमिका एवं कार्यप्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने प्रक्रियागत पारदर्शिता को बढ़ाने तथा संभावित जोखिमों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर उनके प्रभावी निवारण के उपायों पर भी अपने विचार साझा किए।यह संवादात्मक बैठक सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के अनुरूप कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की संस्कृति को और सुदृढ़ करने तथा निवारक सतर्कता के माध्यम से प्रक्रियागत सुधार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल रही।


