चुनाव में हावी होंगे स्थानीय मुद्दे, महारथियों की बेचैनी बढ़ी

समृद्ध डेस्क: प्रदेश की सियासत में रोजाना नए-नए बदलाव देखने को मिल रहे हैं, वहीं विधानसभा चुनाव की तपीश भी अब तेज होने लगी है। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद अबकी बारी झारखंड की है। खास बात ये है कि यहां कभी भी किसी समय चुनावी तिथि का ऐलान हो सकता है। ऐसे में राजनीतिक महारथियों की बेचैनी बढ़ने लगी है।

लोकसभा चुनाव में राष्ट्रवाद, विकास सहित पीएम मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व के मामले में सफलता मिली, लेकिन ठीक उल्टे महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में इसके बहुत सार्थक परिणाम भाजपा के हक में नही आए। यहां स्थानीय मुद्दे हावी रहे, लिहाजा सफलता का ग्राफ कुछ आंका गया। अब झारखंड की बारी है और यहां कभी भी चुनाव आयोग चुनाव का ऐलान कर सकता है। ऐसे में माना जा रहा है कि स्थानीय मुद्दे चुनाव के रिजल्ट को काफी हद तक प्रभावित करने का काम करेगी।

खास बात यह है कि दोनों राज्य के चुनावी नतीजे के बाद भाजपा अपनी राजनीतिक रणनीति को नए अंदाज में गढ़ने में जुटी है। चुनाव को लेकर प्रतिपक्ष भी भाजपा को टक्कर देने के लिए महागठबंधन बनाने की कवायद में जुटा है। यह भाजपा को सत्ता में वापसी से रोकने के एकमात्र मकसद पर अपनी रणनीति को कारगर बनाने में जुटा है। जेएमएम के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य कहते हैं कि महाराष्ट्र और हरियाणा का चुनाव परिणाम बताता है कि जनता ने भाजपाई नीति को खारिज कर दिया है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अनुसार जल्द ही महागठबंधन का स्वरुप तय हो जाएगा। 30 अक्टूबर की जन आक्रोष रैली के बाद इस पर अंतिम निर्णय हो जाएगा। भाजपा जहां कश्मीर प्रकरण सहित अपनी की गई योजनाओं को ढाल बनाकर आगे बढ़ रही है, वहीं विपक्ष बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर ताल ठोंक रहा है।

कभी भी चुनाव का ऐलान

झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा अब किसी भी क्षण हो सकती है। तमाम तैयारियों को परखने के बाद चुनाव आयोग चुनावी तिथियों का ऐलान कर देगा। उम्मीद है कि चार से पांच चरणों में यहां चुनाव कराये जाएंगे। माना जा रहा है कि चुनाव को लेकर प्रदेश में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे, ताकि कोई परिंदा भी पर न मार सके। चुनाव हेतु 200 कंपनियों के अलावे पांच हेलीकॉप्टर व एक एयर एंबुलेंस की मांग भी चुनाव आयोग से की गई है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More